नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण में तेजी लगातार जारी है। देश में संक्रमितों का आंकड़ा 19.20 लाख को पार कर गया है। बुधवार को शाम सात बजे तक कोरोना के 64,973 नए मामले सामने आए। वहीं एक दिन में मरे 1012 लोगों के साथ ही देश में मृतकों की संख्या 39,950 तक पहुंच गई है। देश में कोरोना संक्रमण के आंकड़ों के अनुसार यह लगातार सातवां दिन है जब 60 हजार से से अधिक कोविड-19 के मामले सामने आए हैं। वहीं अच्छी बात यह है कि संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 12.91 लाख के पार पहुंच गई है और जांच में तेजी आई है। पिछले एक दिन में छह लाख से ज्यादा नमूनों की जांच की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोविड-19 के संक्रमित मरीजों की संख्या अब 19,20,719 हो गई है। वहीं पिछले एक दिन में 1012 और लोगों की जान जाने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 39,950 हो गई है। आंकड़ों के अनुसार 12,91,757 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं, मरीजों के ठीक होने की दर देश में 67.19 प्रतिशत पहुंच गई है। वहीं दूसरी ओर मृत्यु दर में गिरावट दर्ज की गई है और अब यह 2.09 प्रतिशत है और 5,88,561 मरीजों का उपचार चल रहा है, जो कुल मामलों का 30.72 प्रतिशत से अधिक है।

देश में पिछले एक दिन में जिन 1012 लोगों की जान गई, उनमें से सबसे अधिक 300 लोग महाराष्ट्र के थे। इसके बाद कर्नाटक के 110, तमिलनाडु के 108, आंध्र प्रदेश के 67, पश्चिम बंगाल के 54, उत्तर प्रदेश के 39, गुजरात के 25, पंजाब के 20, राजस्थान तथा बिहार के 17-17, तेलंगाना के 13, मध्यप्रदेश तथा दिल्ली के 12-12, जम्मू-कश्मीर के 10, ओडिशा के नौ, छत्तीसगढ़ तथा हरियाणा के आठ-आठ, असम के छह, उत्तराखंड के पांच, गोवा के चार, केरल तथा झारखंड के तीन-तीन, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, पुदुचेरी तथा त्रिपुरा के दो-दो, चंडीगढ़ का एक व्यक्ति था। जबकि देश में अब तक कुल 39,795 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से सबसे अधिक 16,142 लोग महाराष्ट्र के हैं। इसके बाद तमिलनाडु में 4,349, दिल्ली में 4,033 , कर्नाटक में 2,704, गुजरात में 2,533, उत्तर प्रदेश में 1,817, पश्चिम बंगाल में 1,785, आंध्र प्रदेश में 1,604 और मध्यप्रदेश में 962 लोगों की मौत हुई। वहीं राजस्थान में 732, तेलंगाना में 576, पंजाब में 462, हरियाणा में 448, जम्मू-कश्मीर में 417, बिहार में 347, ओडिशा में 216, झारखंड में 128, असम में 115, उत्तराखंड में 95 और केरल में 87 लोगों की मौत हुई। छत्तीसगढ़ में 69, पुदुचेरी में 58 , गोवा में 60, त्रिपुरा में 30, चंडीगढ़ में 20, हिमाचल प्रदेश में 14, अंडमान-निकोबार द्वीपसमहू में 12, लद्दाख और मणिपुर में सात-सात, मेघालय और नगलैंड में पांच-पांच, अरुणाचल प्रदेश में तीन, दादरा-नगर हवेली तथा दमन-दीव में दो और सिक्किम में एक व्यक्ति की मौत हुई।

मृत्यु दर घटकर 2.09 प्रतिशत हुई-केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोविड-19 से एक दिन में सबसे ज्यादा पिछले एक दिन में करीब 52 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो गए। इससे बुधवार को संक्रमण से ठीक होने की दर 67.19 प्रतिशत हो गयी और मृत्यु दर गिरकर 2.09 प्रतिशत हो गयी। मंत्रालय ने बताया कि देश में संक्रमण के मौजूदा मामले से दोगुना लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में कोविड-19 के कुल 30.72 प्रतिशत मामले है। मंत्रालय ने कहा कि सरकारी और निजी क्षेत्र के एकजुट प्रयासों के कारण जांच बढ़ायी गयी और अस्पतालों के ढांचे को बेहतर बनाया गया। इससे पिछले 14 दिनों में ठीक होने की दर को 63 प्रतिशत से 67 प्रतिशत करने में मदद मिली।

अब तक 2.14 करोड़ से ज्यादा जांच-मंत्रालय ने कहा कि मंगलवार को लगातार दूसरे दिन कोविड-19 के छह लाख से ज्यादा नमूनों की जांच गयी है। देश में अब तक 2,14,84,402 जांच की जा चुकी है। प्रति दस लाख आबादी पर 15,568 जांच की जा रही है। देश में प्रयोगशाला की संख्या भी बढ़ायी गयी है। वर्तमान में 920 सरकारी प्रयोगशाला और 446 निजी प्रयोगशाला हैं।