March 29, 2024

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुले


उत्‍तरकाशी। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोल दिये गये हैं। इसी के साथ चार धाम यात्रा प्रारंभ हो गई है। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी स्वयं गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के अवसर पर उपस्थित रहे। पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नाम से की गई। मुख्यमंत्री   पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री में पूजा अर्चना की और प्रदेश वासियों की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि  “आज से चारधाम यात्रा विधिवत रूप से शुरू हो रही है, मैं सभी श्रद्धालुओं का उत्तराखंड देवभूमि आगमन पर स्वागत करता हूं. ये यात्रा ऐतिहासिक हो, सबकी यात्रा सरल व सुगम हो, सबके मंगल की कामना करता हूँ। हमारी सरकार सुगम एवं सुरक्षित चार धाम यात्रा हेतु वचनबद्ध है।“  मुख्यमंत्री ने फोन के माध्यम से यमुनोत्री धाम के मुख्य पुजारियों एवं वहां उपस्थित समस्त श्रद्धालुजनों को अक्षय तृतीया एवं यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के शुभ अवसर की शुभकामनाएं प्रेषित की।

उत्तराखंड में अक्षय तृतीया के दिन मंगलवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा-2022 का आगाज हो गया है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। यात्रा शुरू होने के साथ ही उत्तराखंड सरकार ने श्रद्धालुओं को बड़ी राहत दी है।  धामी सरकार ने चारधाम यात्रा पर जा रहे तीर्थ-यात्रियों को राहत देते हुए कोरोना जांच पर बड़ा फैसला लिया है।
उत्तराखंड में बाहर से आने वाले पर्यटकों और चारधाम यात्रियों की कोविड जांच नहीं होगी। लेकिन, सभी श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन विभाग के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य किया गया है। अगले आदेश तक यात्रियों की राज्य की सीमा पर कोरोना की जांच और वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र की जांच नहीं होगी। बताते चलें कि केदारनाथ धाम के कपाट छह मई को खोले जाएंगे। जबकि, बदरीनाथ धाम के कपाट आठ मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खोलने को लेकर सरकार और जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिरों को सजाया जा रहा है। पुलिस-एसडीआरएफ सहित स्वास्थ्य विभाग की अलर्ट मोड पर काम कर रहा है।
उत्तराखंड सरकार ने बदरीनाथ-केदारनाथ सहित चारों धामों में रोजाना दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या तय कर दी है। सचिव धर्मस्व की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, यह व्यवस्था यात्रा के शुरुआती 45 दिन के लिए तय की गई हैं।

किस धाम में कितने यात्री रोज दर्शन करेंगे
धाम का नाम    यात्री संख्या  
बदरीनाथ    15 हजार
केदारनाथ    12 हजार
गंगोत्री    07 हजार
यमुनोत्री    04 हजार