April 20, 2024

उत्तराखंड के लोगों की आजीविका वनों से जोड़ी जाएगी: सुबोध


विकासनगर। वन एवं तकनीकि शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पूरे देश के अंदर जंगलों को बचाने में उत्तराखंड की जनता का अहम योगदान रहा है। उत्तराखंड के लोगों ने अपने हितों को तिलांजली देकर व अपने प्राणों को ताक पर रखकर हमेशा जंगलों की रक्षा की है। इसलिए अब उत्तराखंड सरकार ने योजना बनाई है कि आने वाले दिनों में उत्तराखंड की जनता की आजिविका को वनों से जोड़ेंगे। जिसके लिए यहां के लोगों को रोजगार मिल सके। कहा कि तकनीकि शिक्षा में फालतू ट्रेड समाप्त कर ऐसे ट्रेड खोले जायेंगे। जिससे यहां के युवा स्वरोजगार के जरिये नौकरी देने वाले बन सकेंगे। इस मौके पर इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष ने इंटक व कांग्रेस छोडकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
सोमवार को इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय थपलियाल ने बरोटीवाला विकासनगर में मैदान में वन एवं तकनीकि शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल का सम्मान समारोह आयोजित किया। इस समारोह में वन मंत्री सुबोध उनियाल को चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया गया। वन एवं तकनीकि शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड बनने के बाद प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा की सरकारें आईं। जिनका एक ही मकसद राज्य निर्माण के लिए शहीद हुए आंदोलनकारियों को सपनों को साकार करना रहा है। कहा कि पिछले पांच वर्षों में भाजपा की सरकार ने अटल आयुष्मान जैसी योजनाएं लागू कर लोगों को पांच लाख रुपये तक उपचार करने की सुविधा दी। कहा कि आईटीआई, पॉलीटेक्निक में बेकार हो चुके पदों को समाप्त कर नये पद सृजित किये जाएंगे। ऐसे पद सृजित किए जाएंगे, जिनमें यहां के युवा खुद स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर लोगों को नौकरी देने लायक बन सकें। कहा कि वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की छवि अब तक लोगों में दहशत पैदा करने वाली रही है। लेकिन आगे वन विभाग की छवि और संस्कृति में बदलाव देखने को मिलेगा। वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी आम आदमी सम्मान के पात्र हो सकेंगे। इस मौक पर पूर्व विधायक व भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार,युवा संत समाज के राष्ट्रीय महामंत्री रविदेव शास्त्री, अध्यक्ष रामनिवास आश्रम दिनशदास, हरिण शरण महाराज, भावना शर्मा, अंकित जोशी, मधु प्रकाश जोशी, अनिल आर्य आदि ने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन पुष्पेंद्र त्यागी ने किया।
सम्मान समारोह के आयोजक इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष व कांग्रेस के नेता विजय थपलियाल ने अपने करीब बारह साथियों के साथ इंटक व कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भाजपा का पट्टा व माला पहनाकर थपलियाल और उनके साथियों को भाजपा में शामिल कराया।