March 29, 2024

दो मृत घुरड़ के साथ पांच युवक गिरफ्तार


विकासनगर। त्यूणी थाना पुलिस ने घुरड़ (हिरन की प्रजाति) का शिकार कर लौट रहे पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो मृत घुरड़, राइफल और दस जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम और आर्म्स ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मृत हिरन का पोस्टमार्टम करने के साथ ही आरोपियों को पुलिस कोर्ट में पेश करने जा रही है।
शुक्रवार तड़के करीब छह बजे त्यूणी पुलिस हनोल चात्रा मार्ग पर गश्त कर रही थी। तभी हनोल मार्ग पर सामने से दो कारें आ रही थी। पुलिस ने संदेह होने पर दोनों कारों को हाथ देकर रुकवा लिया। शुरुआत में कार में बैठे लोग और चालक इधर-उधर की बातें करने लगे और पुलिस को उलझाने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने दोनों कारों की तलाशी लेनी शुरू की। पुलिस ने दोनों कारों की डिग्गी से दो मरे हुए घुरड़ (हिरन की प्रजाति ) बरामद किये। दोनों कारों में सवार पांच लोगों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार पांचों आरोपियों ने नाम नरेश पुत्र राजेंद्र सिया ग्राम सेकंड थाना रोड जिला शिमला हिमाचल प्रदेश, कुशाल रावत पुत्र जगत सिंह रावत ग्राम मोहरा थाना मोरी जिला उत्तरकाशी, सुनील पुत्र रामेश्वर ग्राम खरोसा थाना रोड जिला शिमला हिमाचल प्रदेश, दिनेश पुत्र रणवीर सिंह सरस्वती नगर राजू पाल जिला शिमला हिमाचल प्रदेश और लेखराज पुत्र जगदीश ग्राम सर्किल थाना रोड जिला शिमला हिमाचल प्रदेश बताए। पुलिस ने उक्त पांचों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम और आर्म्स ऐक्ट में मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह के अनुसार आरोपियों ने बताया कि वह मोरी क्षेत्र के जंगल में शिकार पर गये थे। जहां उन्होंने दो घुरड़ को मारकर शिकार किया है। बताया कि घुरड़ को हिमाचल प्रदेश ले जा रहे थे। थानाध्यक्ष सिंह ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। बताया कि घुरड़ों का पशुचिकित्सक की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस की टीम में कांस्टेबल लोकेंद्र सिंह, जयेंद्र राणा व रमेश चंद्र शामिल रहे।