April 25, 2024

जीबी पंत विवि का कर्मचारी पत्नी सहित लापता, गुमशुदगी दर्ज, बागेश्वर का है कर्मचारी


रुद्रपुर। जीबी पंत विश्वविद्यालय में कार्यरत एक कर्मचारी एक महीने से लापता है। ड्यूटी पर नहीं आने पर उनके आवास पर साथी कर्मी पहुंचे तो मालूम हुआ कि उनकी पत्नी भी गायब हैं। इस पर परिजनों को जानकारी दी गयी। परिजनों ने भी तलाश के बाद दोनों की गुमशुदगी दर्ज करा दी है। मूलत: बागेश्वर के कांडा गांव निवासी बसंत बल्लभ जोशी पंत विवि के सुरक्षा विभाग में कर्मचारी हैं। वह यहां टा कॉलोनी में अपनी पत्नी संग सरकारी आवास में रहते हैं। 29 अप्रैल से वह लगातार ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे। इसकी कोई सूचना भी साथी कर्मियों या विभागीय अधिकारियों को नहीं दी गयी थी। विभाग ने छानबीन की तो पता चला कि उनकी पत्नी भी घर पर नहीं हैं। पूछताछ करने पर पता चला कि पति-पत्नी करीब एक माह से यहां नहीं हैं। दोनों कहां गये हैं, इसकी भी किसी को जानकारी नहीं है। इस पर विभाग की ओर से उनके परिजनों की जानकारी जुटाकर सूचना दी गयी। परिजनों को भी पता नहीं था कि दंपति कहां है। गुरुवार को मामले में पंतनगर थाने में दंपति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी गयी। एसओ राजेंद्र सिंह डांगी ने बताया कि दंपति की तस्वीर जिले समेत नैनीताल, अल्मोड़ा पुलिस से भी साझा की गयी हैं। बताया कि दंपति के चार दिन पहले हल्द्वानी में देखे जाने की सूचना मिली है। उनकी तलाश की जा रही है।