April 19, 2024

अग्नि वीर भर्ती को मुख्य सचिव ने वीसी से डीएम व पुलिस अधीक्षक को दिए ये निर्देश

बागेश्वर । अग्निपथ योजना के तहत अगस्त एवं सितंबर माह में राज्य में होने वाली भर्तियों के संबंध में मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने शासन के उच्चधिकारियों, जनपदों के जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षको के साथ ही संबंधित अधिकारियों से साथ वीसी के माध्यम से बैठक की।

मुख्य सचिव ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में सेना को हर सम्भव सहयोग उपलब्ध कराया जाय। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में होने वाली इस भर्ती प्रक्रिया में अत्यधिक भीड़भाड़ होने की सम्भावना है। राज्य के युवाओं भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने में किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए शासन प्रशासन द्वारा हर सम्भव प्रयास किया जाए। उन्होंने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि मानसून सीजन के कारण भर्ती स्थलों में वाटर लॉगिंग होने की सम्भावना बनी रहेगी, इसके लिए वाटर सक्शन पंप की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने भर्ती प्रक्रिया को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए जनपदों में जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों नोडल अधिकारी तैनात किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भर्ती स्थलों में रहने-खाने, शेल्टर आदि के साथ ही बिजली, पानी, सफाई एवं टॉयलेट्स की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भर्ती स्थल में एम्बुलेंस, मेडिकल ऑफिसर आदि की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। युवाओं को भर्ती स्थलों तक आने-जाने में असुविधा न हो इसके लिए परिवहन विभाग द्वारा बसों/टैक्सियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्य सचिव द्वारा खाने पीने की उचित कीमतों को सुनिश्चित किए जाने हेतु भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कहा कि अत्यधिक भीड़-भाड़ होने के कारण ऐसे स्थलों में महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद भी ली जा सकती है।
मुख्य सचिव ने भर्ती प्रक्रिया में भर्ती एजेन्टों के नाम पर होने वाली ठगी और लेनदेन जैसी घटनाओं को रोकने हेतु पुलिस को स्पेशल कैम्पेन चलाए जाने एवं विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने भर्ती स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार कैमरों एवं सिविल इंटेलिजेंस आदि के माध्यम से निगरानी किए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी विनीत कुमार ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि भर्ती रैली में जनपद से भी काफी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचेंगे, इसलिए सेना को प्रशासन की ओर से सहयोग किया जाए। बैठक में श्री कुमार ने उपजिलाधिकारी को निर्देश दियें कि इस दौरान स्थानीय होटल, रैस्टोरेंट संघ के साथ वार्ता कर ली जाए। कोई भी होटल मालिक अभ्यर्थियों से अधिक वसूली न करें। खाद्य सामग्री की आपूर्ति बनी रहें। क्षेत्र में धर्मशालाओं और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान बिजली आपूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाएं बनायें रखने के साथ ही मोबाईल टायलेट स्थापित करने के निर्देश दियें। उन्होंने कानून व्यवस्था को बनाए रखने हेतु पुलिस विभाग निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गो एवं चौराहो पर आवश्यकतानुसार साईनेज लगायें जाए, जिनमें आवश्यक सेवाओं से संबंधित नंबर को डिस्प्ले किये जाए। उन्होंने अधिकारियों से प्रस्तावित भर्ती सथल के अधिकारियों के नंबर अपने पास रखने को कहा,ताकि आवश्यकता पड़ने पर समन्वय किया जा सकें। उन्होंने कहा कि भर्ती में अभ्यर्थियों के आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, तथा टैक्सी संचालको द्वारा मनमाना किराया न वसूला जाए, इस हेतु परिवहन अधिकारी को टैक्सी संचालको के साथ बैठक कर रेट निर्धारित करने के निर्देश दियें। उन्होंने पेयजल व्यवस्था भी दूरस्थ रखने के निर्देश संबंधित विभाग को दियें। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की जालसाजी या दलालों के बहकावे में न आये,इसलिए स्थानीय खुफिया इकाइयां सक्रिय की जाए।

बता दे कि गढ़वाल रीजन के सभी जनपदों के लिए भर्ती रैली 19 अगस्त, 2022 से 31 अगस्त, 2022 तक कोटद्वार में आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार कुमाऊं रीजन में अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और उधमसिंह नगर के लिए भर्ती रैली 20 अगस्त, 2022 से 31 अगस्त, 2022 तक रानीखेत में और चम्पावत और पिथौरागढ़ जनपदों के लिए 05 सितम्बर, 2022 से 12 सितम्बर, 2022 तक पिथौरागढ़ में भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।

 वीसी में पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी चन्द्र सिंह इमलाल, उपजिलाधिकारी हरगिरि, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 सुनीटा टम्टा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 हरीश पोखरिया, मुख्य शिक्षा अधिकारी जीएस सौन, सैनिक कल्याण अधिकारी रणजीत सेठ, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कृष्ण चन्द्र पलडिया, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्या, महाप्रबंधक उद्योग जीपी दुर्गापाल, अधि0अभि0 जल संस्थान डीएस देवड़ी, पेयजल निगम वीके रवि आदि मौजूद थें।