March 28, 2024

भाजपा कर रही पुलिस का राजनीतिकरण: रावत
-विकास के बजाय हो रहा राज्य में अपराधियों व आपराधिक घटनाओं का विकास


काशीपुर। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा ने पुलिस का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पुलिस की लचर व्यवस्था के चलते अपराध बढ़ गए हैं। जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। शुक्रवार को कुंडेश्वरी रोड स्थित एक रिसोर्ट में पूर्व सीएम रावत ने पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि जेल से अपराधी हत्या की सुपारी दे रहे हैं। जबकि रंगदारी मांगना आम बात हो गई है। कहा कि अपराध बढ़ने का मुख्य कारण खनन, जमीन और शराब के धंधे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अपराधों को रोकने में पूरी तरह असफल नजर आ रही है। राज्य के अनेक हिस्सों में हत्या जैसे गंभीर अपराध बढ़ रहे हैं। विकास के बजाय राज्य में अपराधियों व आपराधिक घटनाओं का विकास हो रहा है। कहा कि इसका ज्वलंत उदाहरण हरिद्वार जिला पंचायत चुनाव है। जहां भाजपा ने पुलिस का इस्तेमाल कर जिला पंचायत पर कब्जा कर लिया। हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोहों का बोलबाला हो गया है। वहीं, हल्द्वानी में भी पुलिस की लचर व्यवस्था ने अपराधियों को बेखौफ कर दिया है। बीते रोज हल्द्वानी में पुलिस कांस्टेबल की पत्नी की हत्या हो या सर्राफा व्यवसायियों पर फायरिंग और धमकी देने का मामला। इन सब से जाहिर होता है कि राज्य की कानून व्यवस्था समाप्त हो चुकी है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से राज्य की कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की अपील की। साथ ही उन्होंने राज्य की खस्ताहाल सड़कों को लेकर भी भाजपा सरकार पर तंज कसा। कहा कि राज्य की तमाम सड़कों की हालत बता रही है कि विकास कितना हो रहा है। जिस प्रकार शरीर के लिए नाड़ी तंत्र का सही होना जरूरी है। उसी प्रकार राज्य की सड़कें जब तक ठीक नहीं होती, तब तक विकास का दावा खोखला ही है। उन्होंने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के लिए भाजपा सरकार को दोषी ठहराया। यहां गुरदयाल सिंह, नरेंद्र चंद बाबा, अरुण चौहान, मनोज जोशी, चेतन अरोरा, संजय चतुर्वेदी, साबिर हुसैन, त्रिलोक सिंह अधिकारी, राशिद फारुखी, अब्दुल कादिर, अब्दुल सलीम, नौसे अली, हरीश कुमार सिंह, उमेश जोशी रहे।