Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 4, 2026

बागेश्वर में एकबार फिर उठने लगी लॉक डाउन की मांग, नागरिक मंच ने दिया डीएम को ज्ञापन

बागेश्वर। जिले में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बीच एक बार फिर से लॉकडाउन लगाने की मांग उठने लगी है। नागरिक मंच ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर निश्चित समय के लिए सुव्यवस्थित लॉकडाउन लगाने को कहा। मंच के पदाधिकारियों ने कोरोना के इलाज की क्षमता को दुरूस्त करने और जांच का दायरा बढ़ाकर अधिकाधिक लोगों के टेस्ट करने की मांग की। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में नागरिक मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि महामारी नियंत्रण के लिए हो रहे लगातार प्रयासों के बीच संक्रमण की दर लगातार बढ़ रही है। इस तरह से महामारी का बढऩा घातक और चिंताजनक है। जिसे देखते हुए अब लॉकडाउन ही एकमात्र विकल्प रह गया है। उन्होंने बीमारी को देखते हुए जिला अस्पताल में उपलब्ध वेंटीलेटरों को संचालित करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की तैनाती व बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। जिले में बाहर से आने वालों की यथासंभव जांच करने, कोरोना की रोकथाम के लिए जारी गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराने, नगर के कचरे की सफाई व निकासी नालियों का सुव्यवस्थित प्रबंधन करने और कोरोना वीरों को समुचित सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की भी मांग की। इस मौके पर अध्यक्ष पंकज पांडेय, सचिव आलोक साह गंगोला आदि मौजूद रहे।

Advertisement