एसएसबी गुरिल्ला संगठन ने आक्रोश रैली निकालकर किया विधानसभा कूच
देहरादून ( आखरीआंख समाचार ) एसएसबी गुरिल्ला संगठन ने मांगों का निराकरण न होने पर गुरुवार को आक्रोश रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने परेड ग्राउंड धरना स्थल से लेकर विधानसभा कूच किया। आक्रोश रैली परेड ग्राउंड से होते हुए लैंसडाउन चैक, आराघर, धर्मपुर, हरिद्वार रोड होते हुए विधानसभा पहुंची।
पुलिस ने रिस्पना पुल के पास बैरीकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने रैली के दौरान प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार का यही रवैया रहा तो गुरिल्ला संगठन को एक बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों ने चिंता जताई कि वह पिछले कई महीनों से परेड ग्राउंड स्थित धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने मांग की है कि एसएसबी गुरिल्लाओं को विभिन्न विभागों में नियुक्ति, नौकरी और पेंशन का लाभ दिया जाए लेकिन राज्य और केंद्र सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। प्रदर्शनकारियें ने चेताया कि यदि उनकी लंबित मांगों पर जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो गुरिल्ला संगठन सड़कों पर उतरकर जल्द ही एक बड़ा आंदोलन करेगी।
