Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 21, 2026

यूकेएसएसी: लीक पेपर से 164वीं रैंक पाने वाला युवक गिरफ्तार


देहरादून। यूकेएसएससी पेपर लीक में कई दिनों से थमी गिरफ्तारी की प्रक्रिया फिर शुरू हो गई। एसटीएफ ने लीक पेपर हासिल कर उसके जरिए परीक्षा में 164वीं रैंक पाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी जसपुर, ऊधमसिंहनगर का निवासी है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि यूकेएसएससी पेपर लीक में पूर्व में गिरफ्तार ऊधमसिंहनगर के कोर्ट कर्मचारी मनोज जोशी से जानकारी मिली कि उसने तीन-चार युवकों को पास कराने की डील कर उनसे रकम ली। इसके बाद उन्हें पेपर लीक किया। इसमें तुषार चौहान निवासी कासमपुर, जसपुर जिला ऊधमसिंहनगर का नाम सामने आया। एसटीएफ ने उसे पूर्व में पूछताछ के लिए बुलाया। इस दौरान साक्ष्य जुटाए। उसे बुधवार को दोबारा एसटीएफ कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाकर गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि केस में अब तक गिरफ्तार 14 आरोपियों में चार सरकारी नौकरी करने वाले कर्मचारी और तीन संविदा पर सरकारी विभागों में नौकरी करने वाले कर्मचारी शामिल हैं।
रामनगर के रिजॉर्ट में मिला था पेपर
मनोज जोशी ने लीक पेपर के प्रश्न तुषार चौहान को बताने के लिए रामनगर स्थित रिजॉर्ट में बुलाया। यहां कुछ अन्य छात्र भी पहुंचे थे। इनकी संख्या चार बताई जा रही है। इनके बारे में एसटीएफ को जानकारी मिल गई है। जल्द पुलिस उसे भी गिरफ्तार कर सकती है। बताया जा रहा है कि तुषार चौहान ने खुद लीक पेपर से परीक्षा दी साथ ही कुछ अन्य छात्रों की डील भी मनोज जोशी गैंग से कराई थी।

Advertisement