March 6, 2026

कैंसर व डायलिसिस की दवाइयां शीघ्र मिलेंगी जन औषधि केंद्र में


बागेश्वर। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के संचालक शंकर बोरा ने बताया कि बागेश्वर में दो माह पूर्व खुले जन औषधि केंद्र में 200 से अधिक सॉल्ट की दवाइयां उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि दो माह में सात हजार लोगों ने केंद्र से लाभ लिया है। दस दिन के भीतर केंद्र में आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करा दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही डायलेसिस व कैंसर की दवाइयां भी केंद्र में उपलब्ध करा दी जाएंगी। केंद्र संचालक बोरा ने डीएम रीना जोशी व सीएमओ डॉ. सुनीता टम्टा से मुलाकात की तथा केंद्र संचालन में आ रही कठिनाइयों की जानकारी दी। बोरा ने अधिकारियों से मुलाकात के बाद बताया कि कांडा व कौसानी में इस माह में ही केंद्र संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा। केद्र संचालक ने बताया कि जनपद में डायलेसिस व कैंसर के मरीजों को दवाइयों के लिए बाहर जाना पड़ता है तथा महंगी दवाइयां खरीदनी होती हैं, जिसे देखते हुए उन्होंने इन गंभीर बीमारियों की दवाइयां भी केंद्र में रखने का निर्णय लिया है।