March 7, 2026

प्राइमरी स्कूल की टॉयलेट की छत गिरी, 1 छात्र की मौत; 3 घायल


चम्पावत। चम्पावत जिले के पार्टी ब्लॉक स्थित मौनकांडा के प्राथमिक विद्यालय में शौचालय की छत गिरने से एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य छात्र भी घायल हुए हैं। हादसे के बाद डीएम समेत तमाम अधिकारी मौके पर मौजूद है। पुलिस की टीम घायल छात्रों को उपचार के लिए अस्पताल ले गई है। जानकारी के मुताबिक हादसे में तीसरी कक्षा में अध्ययनरत छात्र आठ वर्षीय चंदन सिंह पुत्र गोधन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि छात्र सोनी पुत्र श्याम सिंह, रिंकू पुत्र गोधन सिंह और छात्रा शगुन पुत्री श्याम सिंह हादसे में घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि हादसे की वजह शौचालय की जर्जर छत है। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने स्वास्थ्य टीम को तत्काल घायल छात्रों के उपचार के निर्देश दिए हैं। हादसे का स्पष्ट कारण अभी पता नहीं चल सका है। कहा कि  मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी।
स्कूल हादसे पर सीएम सख़्त
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी चम्पावत ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय मौनकाण्डा के शौचालय की छत गिरने की घटना के मजिस्ट्रियल जांच के लिये एस.डी.एम पाटी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जिलाधिकारी ने अपने आदेश में एस.डी.एम को निर्देश दिये हैं कि इस दुर्घटना के कारणों की तत्काल जांच पूर्ण कर 15 दिन में जांच आख्या उपलब्ध कराये। जिलाधिकारी चम्पावत ने बताया है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर मृतक छात्र के परिजनों को दो लाख रूपये की आर्थिक सहायता मुख्यमंत्री राहत कोष से दी जायेगी तथा घायल छात्रों के निशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है।