Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 27, 2026

दर्दनाक : मां के पास गुजारे के लिए नहीं थे पैसे, 20 दिन के जुड़वां बच्चों को उतार दिया मौत के घाट


भोपाल । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने खुद अपने हाथों से अपने 20 दिन के जुड़वा बच्चों की हत्या कर दी। उनके शव झाडिय़ों में फेंकने के बाद उनके खो जाने की रिपोर्ट लिखा दी, लेकिन जैसे ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पूरा मामला खुल कर सामने आ गया। इसके बाद महिला ने पुलिस को बताया कि उसका अपना ही पेट भरना मुश्किल है तो वह इन जुड़वा बच्चों को कैसे पालेगी।
पुलिस ने दोनों बच्चों का शव झाडिय़ों से बरामद किया। भोपाल पुलिस की अतिरिक्त उपायुक्त श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि पहले तो पुलिस गुमशुदगी की जांच कर रही थी, लेकिन जब बच्चों का शव मिला तो पुलिस ने हत्या के दृष्टिकोण से मामले की जांच शुरू की। इसके लिए जब सीसीटीवी फुटेज देखा गया तो पता चला कि महिला खुद बच्चों का शव झाडिय़ों में फेंक रही है। इसके बाद वह घर में जाकर सो गई है। पूछने पर महिला ने पहले तो बहाने किए, लेकिन बाद में उसने पूरी कहानी पुलिस के सामने उगल दी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। महिला की पहचान सपना भोपाल की ही रहने वाली धाकड़ के रूप में हुई है।
महिला ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसके पति ड्राइवर थे, लेकिन पिछले दिनों एक दुर्घटना की वजह से उनकी नौकरी छूट गई। तब से उनका देवर ही घर का खर्चा संभाल रहा था। अब चूंकि पहले से उन्हें एक दो साल की बेटी है, ऐसे में अब जुड़वा बच्चों का बोझ संभाल पाना उसके बस का नहीं रह गया था।
महिला ने पहले पुलिस में बच्चों की गुमशुदगी लिखाई थी। पुलिस को भी शक हुआ था कि बच्चा चोर गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया है, लेकिन जैसे ही पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले, काफी हद तक सच्चाई सामने आ गई। वहीं इस सीसीटीवी के आधार पर जब महिला और उसके पति से पूछताछ हुई तो पूरा मामला सामने आ गया।

Advertisement