Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 27, 2026

बेवफाई के शक में प्रेमी ने की प्रेमिका की हत्या, गिरफ्तार  


हरिद्वार। बेवफाई के शक में प्रेमी ने प्रेमिका की गला घोटकर हत्या कर दी और खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया। लेकिन कामयाब नहीं हो पाया। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिडकुल थाना क्षेत्र की नेहरू कालोनी का है। सिडकुल थाना प्रभारी प्रमोद उनियाल ने बताया कि मेरठ निवासी अमित सिडकुल स्थित कंपनी में काम करता है और नेहरू कालोनी में किराए के मकान में रहता है। अमित का कंपनी में साथ काम करने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अमित को प्रेमिका पर दूसरे व्यक्ति से संबंध रखने का शक था। मंगलवार को इस संबंध में बात करने के लिए उसने युवती को कमरे पर बुलाया। बातचीत के दौरान अमित ने गुस्से में आकर गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसने भी फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। लेकिन कामयाब नहीं हुआ और कमरे का ताला लगाकर अकेला बाहर चला गया। मकान मालिक को शक होने पर उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो बेड पर युवती का शव पड़ा था। पुलिस ने पंचनामा आदि की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और अमित की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटे बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में अमित ने बताया कि दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का शक होने पर उसने युवती को बात करने के लिए कमरे पर बुलाया था। लेकिन उसकी बातों पर उसे यकीन नहीं हुआ और गुस्से में आकर उसने उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसने खुद भी जान देने की कोशिश की। लेकिन कामयाब नहीं हुआ। इसके बाद उसने गंगा में छलांग लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस टीम में एसएसआई शहजाद अली, महिला सब इंस्पेक्टर ललिता चुफाल, एसआई बलवंत सिंह पंवार, एसआई देवेंद्र सिंह चौहान, कांस्टेबल सुनील तोमर व विजय नेगी शामिल रहे।

Advertisement