March 14, 2026

भर्ती घोटाले से संबंधित दस्तावेज नहीं कराये जा रहे हैं उपलब्ध: मोर्चा


विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने वर्ष 2021-22 में विधानसभा में भर्तियों में हुई धांधली से संबंधित पत्रावालियां उपलब्ध न कराये जाने को लेकर सवाल खड़े किये हैं। मोर्चा का कहना है कि कई बार अनुस्मारक भेजे जाने के बावजूद पत्रावलियां उपलब्ध नहीं करायी जा रही हैं। इससे ऐसा लगता है कि सचिवालय में प्रशासनिक संकट खड़ा हो गया है। मोर्चा के अध्यक्ष व जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अधिकारियों में विधानसभा अध्यक्ष का डर नहीं रह गया है। कहा कि ऐसे में भर्ती घोटाले के कर्णधार नेताओं और जालसाजों पर कैसे शिकंजा कसा जा सकेगा। नेगी ने कहा कि उपसाचिव लेखा द्वारा अनुभाग अधिकारी, अनुष्ठान अनुभाग व विधानसभा सचिवालय को दो जून, पांच जुलाई, आठ सितंबर व दस अक्तूबर के माध्यम से पत्र प्रेषित कर भर्तियों से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गये। लेकिन चार माह से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी आदेश को हर बार अनसुना कर दिया जाता है। कहा कि आखिर किसके निर्देश पर अनुभाग अधिकारी काम नहीं कर पा रहे हैं। मोर्चा ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी से मांग की है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप कर लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करें।