Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

भाजपा सरकार का एक साल का कार्यकाल विफलताओं से भरा : कांग्रेस


विकासनगर। कांग्रेस की कार्यकारी जिलाध्यक्ष लक्ष्मी अग्रवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल विफलताओं से भरा रहा जबकि प्रदेश सरकार अपनी उपलब्धियों का झूठा प्रचार कर जनता को गुमराह कर रही है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था चौपट हो गयी है। चोरी, लूट, डकैती, महिला उत्पीड़न, हत्या की घटनायें बढ़ी हैं। महंगाई और भ्रष्टाचार ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है। पत्रकार वार्ता के दौरान कार्यकारी जिलाध्यक्ष ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अंकिता भण्डारी हत्याकांड, हेमा नेगी हत्याकांड, पिंकी हत्याकांड, जगदीश चन्द हत्याकांड, विजय वात्सल्य हत्याकांड, केदार भण्डारी तथा विपिन रावत हत्याकांड भाजपा सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में हुए। अंकिता भण्डारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी कौन है, यह अब तक सूबे कि जनता से छिपाया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी चरम पर है। प्रदेश में जितने भी भर्ती परीक्षाएं हुई हैं, कोई भी परीक्षा घपलों से बची नहीं है। कहा कि अधीनस्थ सेवा चयन आयोग भर्ती घोटाला, लोक सेवा आयोग भर्ती घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला, फारेस्ट गार्ड भर्ती घोटाला, सहकारिता भर्ती घोटाला, पटवारी भर्ती घोटाला शामिल हैं। कहा कि इन सभी घोटालों में भाजपा के नेताओं की प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से पूरी तरह से जुड़े रहे। जिसमें हाकम सिंह, संजय धारीवाल, नितिन चौहान जैसे लोग शामिल रहे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेशभर में निर्माण संबंधी कार्यों में खुलेआम कमीशनखोरी, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कमी तथा छोटे ठेकेदारों का शोषण किया जा रहा है, जो कि राज्य और राज्य कि जनता के साथ धोखा है। कहा कि भाजपा सरकार अपने एक वर्ष की उपलब्धियों का झूठा प्रचार कर रही है। हकीकत यह है कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। कहा कि झूठ बोलकर सत्ता में आई भाजपा अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए जनता को गुमराह कर रही है जबकि हकीकत यह है कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मुद्दे पर पूरी तरह से विफल रही है।

Advertisement