बागेश्वर विधानसभा सीट सामान्य बनाने की मांग मुखर, 1968 से है रिजर्व
बागेश्वर। अनुसूचित जाति आरक्षित विधानसभा बागेश्वर को सामान्य सीट बनाने की मांग मुखर होने लगी है। उन्होंने इसके लिए आंदोलन की रणनीति तय करने का निर्णय लिया है। यदि शीघ्र ऐसा नहीं होता है तो सड़क से लेकर सदन तक यह मांग पहुंचाई जाएगी। स्थानीय एक होटल पर सवाल संगठन की बैठक आयोजित हुई। अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रमेश पांडेय कृषक ने कहा कि 1968 से आरक्षित चली सीट से बाहर निकलने का समय आ गया है। संगठन जनता के बीच जाएगा। हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। उसे राष्ट्रपति को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बताए आंदोलन के मार्ग पर चलेंगे। बागेश्वर विधानसभा को आरक्षित श्रेणी से बाहर निकाला जाएगा। बैठक में तय किया गया कि पहले चरण में ग्राम पंचायतों और वन पंचायतों के सदस्यों, गांवों के स्वयं सहायता समूहों को एकजुट किया जाएगा। प्रकोष्ठ गठित किया जाएगा। दूसरी चरण में व्यापारी, उद्योगपति, मजदूर, गैर सरकारी संगठन के लोग प्रकोष्ठ से जोड़े जाएंगे। यह आंदोलन पूरी तरह अहिंसक होगा। बैठक में विनोद जोशी, भास्कर तिवारी, पंकज कांडपाल, दयाल सिंह, मनोहर सिंह, सुरेश सिंह, गीता देवी, कमला देवी आदि उपस्थित थे।
