Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 20, 2026

रेल मार्ग निर्माण शुरू नहीं होने पर समिति ने जताई नाराजगी


बागेश्वर। ब्रिटिशकाल से प्रस्तावित टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग का निर्मााण कार्य आज भी शुरू नहीं हो सका है। मार्ग का निर्माण शुरू नहीं होने से टनकपुर-बागेश्वर रेल निर्माण संघर्ष समिति ने आपत्ति जताई है। कहा 2006 से अब तक छह बार मार्ग का सर्वे हो चुका है, लेकिन बजट अब तक नहीं मिला है। रविवार को समिति अध्यक्ष नीमा दफौटी के नेतृत्व में लोग तहसील परिसर में एकत्रित हुए। उन्होंने यहां सभा की। वक्ताओं ने कहा कि गत वर्ष विधानसभा चुनाव के प्रचार में हल्द्वानी आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग निर्माण की सहमति दी थी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर प्रधानमंत्री व रेल मंत्री ने 29 करोड़ की धनराशि ब्रॉडगेज सर्वे के लिए स्वीकृत किया था। लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस दौरान उन्होंने जल्द बजट स्वीकृत करने की मांग की है। कहा, रेल मार्ग बनने से चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा के सैकड़ों गांवों को लाभ पहुंचेगा। सभा का संचालन प्रताप सिंह ने किया। यहां चरण सिंह बघरी, केश्वानंद जोशी, बंशीधर जोशी, प्रदीप कोहली, शेखर तिवारी, हेमलता, संजना, मंजू देवी, सरस्वती गैलाकोटी, लक्ष्मी धर्मशक्तू, निर्मला तिवारी, भावना रावत रहीं।

Advertisement