यूकेडी में जल्द नया नेतृत्व देखने को मिलेगा: ऐरी
देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) में जल्द नया नेतृत्व देखने को मिलेगा। केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने यह बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में सर्वसम्मति से नेतृत्व तय होगा या पारदर्शी तरीके से चुनाव कराया जाएगा। गढ़ी कैंट सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मंगलवार को उन्होंने कई लोगों को पार्टी से जोड़ा। पार्टी में शामिल होने वालों में अनिल थपलियाल, भूपेंद्र नेगी, देवचंद, गोपाल भंडारी, एडवोकेट मनमोहन पंत, यशपाल, शैलेंद्र गुसाईं, विनोद कोठियाल, राजेंद्र भट्ट, श्रुति गुप्ता, मनोज कुमार, गौरव कुमार, प्रवीण कुमार शामिल रहे। इस मौके पर काशी सिंह ऐरी ने कहा कि नया चेहरा ऊर्जावान होगा और पार्टी का कुनबा व रीति नीति को आगे बढाने वाला होगा। पार्टी का अधिवेशन 24-25 जुलाई को होगा। इसके लिए स्थान तय किया जा रहा है। उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड पर सहमति जताते हुए कहा कि देश की विविध संस्कृति, अल्पसंख्यक और जनजातीय परंपराओं का भी ध्यान रखना चाहिए। इस अवसर पर काशी सिंह ऐरी ने शैलेंद्र गुसाईं को जिला संगठन मंत्री, गोपाल भंडारी को जिला उपाध्यक्ष सैनिक प्रकोष्ठ, विनोद कोठियाल को डोईवाला का मंडल अध्यक्ष और राजेंद्र भट्ट को भानियावाला के मंडल अध्यक्ष का दायित्व पत्र भी सौंपा। इस मौके पर केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एपी जुयाल, मीडिया प्रभारी शिव प्रसाद सेमवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुलोचना ईष्टवाल, प्रवक्ता अनुपम खत्री, श्रमिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र पंत, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष गौरव रावत, सरोज रावत, संजय तितोरिया, गोविंद अधिकारी शामिल रहे।
