Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 14, 2026

कांग्रेस कार्यसमिति में हरीश रावत, गणेश गोदियाल शामिल


देहरादून। कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति में उत्तराखंड से पूर्व सीएम हरीश रावत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को शामिल किया गया है। इसके अलावा प्रभारी के तौर पर देवेंद्र यादव और देहरादून के निवासी गुरदीप सिंह सप्पल को भी कांग्रेस की इस सर्वोच्च संस्था में जगह मिली है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को कांग्रेस कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से रविवार को जारी सदस्यों की लिस्ट अनुसार इसमें उत्तराखंड से पूर्व सीएम हरीश रावत को स्थायी निमंत्रित सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। स्थायी निमंत्रित सदस्य में ज्यादातर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को जगह मिली है। वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को विशेष निमंत्रित सदस्य के तौर पर कार्यसमिति में जगह दी गई है। साथ ही उत्तराखंड प्रभारी के तौर पर देवेंद्र यादव और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कार्यालय प्रभारी के तौर पर गुरदीप सिंह सप्पल भी कांग्रेस कार्यसमिति में शामिल किए गए हैं। सप्पल देहरादून के ही रहने वाले हैं। पिछली कार्यसमिति में उत्तराखंड से सिर्फ हरीश रावत को ही जगह मिल पाई थी, इस तरह इस बार कांग्रेस कार्यसमिति में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व बढ़ गया है।

Advertisement