Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 21, 2026

प्रदर्शन के बाद भी दूर नहीं हुई पानी की समस्या


बागेश्वर ।  नगर में प्रदर्शन के बाद भी पानी का संकट दूर नहीं हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी तहसील मार्ग व नदीगांव में रह रहे लोगों को हो रही है। नवरात्र पर्व पर भी लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। पूजा अर्चना के बजाए लोग पानी के इंतजाम में अधिक व्यस्त हो रहे हैं। लोगों ने जल संस्थान से एक घंटा रोज नियमित पानी देने की मांग की है। मालूम हो कि एक सप्ताह पहले तहसील मार्ग के आदर्श कॉलोनी के लोगों ने डीएम कार्यालय में पानी के लिए प्रदर्शन किया। उन्हें उम्मीद थी कि प्रदर्शन के बाद पानी की समस्या दूर होगी, लेकिन दो दिन तो पानी मिला, अब विभाग पुराने ढर्रे पर आ गया है। उन्हें कभी एक तो कभी दो दिन बाद पानी मिल रहा है। इन दिनों नवरात्र पर्व चल रहे हैं। सुबह का समय पूजा अर्चना का होता है, लेकिन पानी नहीं आने से उनका पूरा समय पानी की व्यवस्था में लग रहा है। कभी हैंडपंपों से तो कभी प्राकृतिक जल स्रेातों से पानी ढो रहे हैं। जल संस्थान पानी का बिल वसूलने में कभी देरी नहीं करता, लेकिन उपभोक्ताओं को पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहा है। उन्होंने नवरात्र, दीपावली जैसे पर्व पर भी पानी नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। विभाग की वितरण प्रणाली पर भी सवाल उठाए। साथ ही रोजाना एक घंटो नियमित पानी देने की मांग की है। मांग करने वालों में सरस्वती देवी, हेमा, रेखा, मोहिनी, रागिनी, मोहन, सुरेश तथा हरीश आदि शामिल हैं। इधर जल संस्थान के ईई सीएस देवड़ी ने बताया कि रोस्टर के हिसाब से पानी का वितरण किया जा रहा है। इन दिनों उनके पास पानी की समस्या की कोई शिकायत कहीं से नहीं आई है।

Advertisement