September 21, 2024

उत्तराखंड में 1 साल के अंदर 22 हजार गरीब परिवार बढ़े


देहरादून। उत्तराखंड में एक साल के भीतर 22 हजार से अधिक गरीब परिवार बढ़े हैं। वर्ष 2022 में प्राथमिक (सफेद) राशन कार्ड धारकों की संख्या 948134 थी, जो वर्ष 2023 में बढ़कर 962071 पहुंच गई है। इसके अलावा अंत्योदय राशनकार्ड धारकों की संख्या 174980 से बढ़कर 183626 पहुंच गई है। इस तरह एक साल में 13 हजार 937 प्राथमिक और 8 हजार 646 अंत्योदय कार्ड धारक बढ़े हैं।
इस दौरान सबसे अधिक अंत्योदय कार्ड पौड़ी और टिहरी में बढ़े हैं। वहीं प्राथमिक राशन कार्ड धारक ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में बढ़े हैं। हालांकि ऊधमसिंह नगर में अंत्योदय का एक भी परिवार नहीं बढ़ा है। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के आंकड़ों की बात करें तो बीते एक साल में गढ़वाल में अंत्योदय और कुमाऊं में प्राथमिक कार्ड धारकों की संख्या बढ़ी है। 3542 अंत्योदय परिवार पौड़ी में बढ़े हैं। दूसरे नम्बर टिहरी में 1251 और चमोली में 1055 परिवारों का इजाफा हुआ है। कुमाऊं में अल्मोड़ा में अंत्योदय परिवार बढ़े हैं। इन परिवारों को सरकार के योजना के अनुसार अगले पांच साल तक प्रतिकार्ड 35 किलो राशन मिलेगा। इसके अलावा प्राथमिक कार्ड धारकों को प्रति यूनिट 5 किलो राशन मिलेगा।
अभियान चलाकर कई राशनकार्ड निरस्त किए गए थे। उनकी जगह जरूरमंदों के राशनकार्ड बनाए जा रहे हैं। आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए भी लोगों को राशनकार्ड की जरूरत होती है। यही वजह है कि राशनकार्ड धारकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
पीएस पांगती,अपर आयुक्त खाद्य

दो वर्षों में बढ़े अंत्योदय राशनकार्ड धारक
जिला   2022 2023
उत्तरकाशी 13500 13574
चमोली 5980 7135
रुद्रप्रयाग 3885 4143
टिहरी 21200 22451
देहरादून 15019 15172
पौड़ी 9098 12640
पिथौरागढ़ 10801 11041
बागेश्वर 5139 5664
अल्मोड़ा 13180 13757
चम्पावत 5786 5807
नैनीताल 17718 17834
यूएसनगर 17469 17469
हरिद्वार 36205 36939