बन्दर समस्या : गरुड़ का पांच सदस्यीय शिष्टमंडल सीएम से मिलेगा
बागेश्वर गरुड़ । । बंदरों की समस्या को लेकर पांच सदस्यीय शिष्टमंडल प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुलाकात करेगा। इसके लिए बंदर भगाओ खेती बचाओ जन अभियान समिति के पदाधिकारी देहरादून रवाना हो गए हैं। विदित रहे कि इसी माह दस फरवरी को बंदर भगाओ खेती बचाओ जन अभियान समिति ने बैजनाथ के भकुनखोला मैदान में विशाल जनसभा आयोजित की थी। जनसभा के दौरान विभिन्न गांवों से आए लोगों ने कहा कि आज बंदरों ने उनका जीना हराम कर दिया है। बंदर न केवल खेती को चौपट कर रहे हैं, बल्कि अब हमला कर लोगों को घायल भी कर रहे हैं। इस मौके पर लोगों ने प्रदेश सरकार से बंदरों की समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की। जनता की मांग को लेकर अब जन अभियान समिति के संरक्षक एडवोकेट डीके जोशी, संयोजक हरीश जोशी, अध्यक्ष रविशंकर बिष्ट, नंदाबल्लभ पंत देहरादून रवाना हो गए हैं। रविवार को दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट के नेतृत्व में शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा और अभियान की रिपोर्ट सौंपकर बंदरों की समस्या का सरकार की ओर से तत्काल उपाय किए जाने की मांग करेगा।
