May 7, 2026

एक मार्च को ऋषिकेश में प्रदर्शित होगी गढ़वाली फिल्म पितृकुड़ा


ऋषिकेश । गढ़वाली फीचर फिल्म पितृकुड़ा का एक मार्च को ऋषिकेश के सिनेमाघर में प्रदर्शन होगा। यह फिल्म पितरों के प्रति उत्तराखंड की अनोखी लिंगवास परम्परा पर आधारित है। शनिवार को दून मार्ग स्थित अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के कार्यालय में कार्यक्रम में पर्वतीय बिगुल फिल्मस् के बैनर तले बनी फिल्म पितृकुड़ा की कथा वस्तु का पोस्टर महासभा के संस्थापक ड़ॉ. राजे नेगी एवं फ़िल्म निर्माता निर्देशक प्रदीप भंडारी की टीम ने संयुक्त रूप से लॉन्च किया। फिल्म के निर्देशक प्रदीप भण्डारी ने बताया कि उत्तराखण्ड की अद्वितीय परम्परा पितृकुड़ा (लिंगवास) पर बनी यह फिल्म एक पारिवारिक फिल्म है, जो परिवार के भावनात्मक रिश्तों पर बनी है। सिल्वर स्क्रीन पर पहली बार लोगों को पितृकुड़ा संस्कार का चित्रण दिखायी देगा। फिल्म में जबरदस्त एक्शन थ्रिलर, रोमांच, हास्य और मधुर गीत संगीत है। यह फिल्म प्रत्येक उम्र के दर्शक को रोमांचित करेगी मसूरी एवं देहरादून में फिल्म को भारी सफलता एवं लोकप्रियता हासिल हुई है। फिल्म संस्पेंस भरा नेपाली का किरदार दर्शकों को बहुत रोमांचित करेगा। फिल्म की शूटिंग मसूरी, टिहरी, देहरादून, नैनीताल, चोपता आदि रमणीक स्थलों पर हुई है। महासभा अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने कहा कि फिल्म के डीओपी एवं एडीटर नागेन्द्र प्रसाद एवं सहायक निर्देशक विजय भारती हैं। फिल्म का बैक ग्राउण्ड म्युजिक, डबिंग संगीतकार आशीष पंत एवं साथियों ने किया है, फिल्म बनने में 2 साल से अधिक का समय लगा है। फिल्म के मुख्य कलाकारों में अभिनेता राजेश जोशी, पदम गुसांई, प्रदीप भण्डारी, शुभ चन्द्रा, शिवानी भण्डारी, सुषमा व्यास, कोमल नेगी राणा, आयुषी जुयाल, विनीता नेगी, अनामिका राज, गोकुल पंवार, गम्भीर जयाड़ा, बृजेश भट्ट, रवि नेगी, दीपक रावत, शिव कुमार, आरपी बडोनी आदि हैं। फिल्म के गीतों को तीन प्रमुख संगीतकारों ने संगीत दिया है। जिनमें संजय कुमोला, अमित वी कपूर, सुमित गुसांई हैं। मौके पर अभिनेता पदम गुसाईं, विजय भारती, शिवानी भंडारी, वीरेन्द्र नौटियाल, उत्तम सिंह असवाल, रविन्द्र भंडारी, अरविंद नेगी समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।