March 6, 2026

इंटर गणित की परीक्षा में पाठयक्रम से अलग पूछे दो प्रश्न


काशीपुर. ।  उत्तराखंड बोर्ड की इंटर गणित विषय की परीक्षा के प्रश्न पत्र में पाठ्यक्रम से हटाये गए दो प्रश्न आने पर छात्र अचंभित हो गए। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष, विधायक, समेत शिक्षकों ने शिक्षा सचिव को पत्र भेजकर परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन में बोनस अंक देने की मांग की है। बता दें कि बीती चार मार्च को इंटर बोर्ड की गणित परीक्षा थी। गणित विषय के प्रश्न पत्र में दो प्रश्न संख्या 12 और 21 पाठ्यक्रम से अलग पूछे गए थे। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा ने बताया कि उन्होंने इस विषय का संज्ञान लेकर पूरे मामले की जांच कराकर परीक्षार्थियों को बोनस अंक दिलाने की मांग की है। रा.शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष कौशल चौधरी, फैज-ए-आम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रईस अहमद, जानकी इंका के प्रधानाचार्य बलरन सिंह ने सचिव उत्तराखंड बोर्ड से परीक्षार्थियों को बोनस अंक देने को पत्र भेजा है। विधायक आदेश चौहान ने बताया कि प्रश्न पत्र में पाठ्यक्रम से बाहर से प्रश्न आने पर वह उत्तराखंड बोर्ड के सचिव एवं शिक्षा मंत्री से वार्ता कर परीक्षार्थियों को बोनस अंक दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वाधिक छात्र-छात्राएं प्रदेश की मेरिट में स्थान पाते हैं। इसका असर छात्र-छात्राओं की मैरिट पर पड़ेगा।