March 4, 2026

आंगनबाड़ी वर्करों ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन


विकासनगर ।  अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार पर महिलाओं का आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कहा कि प्रदेश सरकार एक ओर देहरादून में महिलाओं को सम्मानित कर रही है, वहीं दूसरी ओर पिछले एक माह से धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सुध लेने के लिए सरकार का कोई प्रतिनिधि नहीं आ रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष संयोगिता ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार हर दिन महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कई योजनाएं चलाने का दावा कर रही है। लेकिन सरकार के अधीन काम करने वाली महिलाओं को श्रम कानूनों के अनुरूप मानदेय तक नहीं दिया जा रहा है। कहा कि लंबे समय से मांगों पर कोई कार्यवाही नहीं होने से कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं में आक्रोश है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से स्वास्थ्य विभाग समेत कई अन्य विभागों की योजनाओं में भी काम लिया जाता है। बावजूद इसके उनका मानदेय नहीं बढ़ाया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रुचि डोगरा ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को लेकर उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। कहा कि धरातल पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बहुत काम करना पड़ता है, लेकिन सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं है, उन्हें बहुत ही कम मानदेय दिया जा रहा है। बताया उनका मानदेय दिहाड़ी मजदूर से भी कम है। सरकार द्वारा चलाई जा रही अनेकों योजनाओं से भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वंचित रखा गया है। गोल्डन कार्ड जैसी सुविधा उन्हें नहीं मिल पा रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पारिवारिक आर्थिक सुरक्षा नहीं दी जा रही है। अनहोनी होने पर उनके परिवार को कोई भी आर्थिक सहायता नहीं मिलती है। धरना प्रदर्शन करने वालों में बीना, संध्या, सुनीता, सुमनलता, पिंकी, उमेश, रिंकी, किरन, गीता, सुनीता, भगवानी देवी, आशा, सुनीता उनियाल, रजनी, सोनिया, प्रियंका, मीनू, रचना, शहना आदि शामिल रहे।