Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026

चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप, महिला की मौत


अल्मोड़ा ।  जिला अस्पताल के एक चिकित्सक पर ऑपरेशन के दौरान लापरवाही के चलते एक महिला की मौत का आरोप लगा है। इस मामले में मृतका के पति समेत कई लोग गुरुवार को जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ऑपरेशन करने वाले सर्जन और स्टाफ के खिलाफ ठोस कार्यवाही करने की पुरजोर मांग उठाई है। नगर के गंगोला मोहल्ला निवासी दीपक कुमार जोशी ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी मुन्नी जोशी को बच्चेदानी का ऑपरेशन कराने के लिए  जिला अस्पताल अल्मोड़ा में बीती 09 अप्रैल को भर्ती कराया था। ऑपरेशन के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। जिसे रेफर किया गया और परिजन उसे लेकर राममूर्ति अस्पताल बरेली ले गए। जहां उपचार करने के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। इस मामले में अब जिला अस्पताल में महिला का ऑपरेशन करने वाले सर्जन पर लापरवाही बरतने का आरोप लग रहा है। इस संबंध में गुरुवार को मृतका के पति दीपक कुमार जोशी समेत कई लोग जिला अस्पताल पहुंचे और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ एचसी गड़कोटी को ज्ञापन सौंपा। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ एचसी गड़कोटी ने बताया कि उन्हें महिला के परिजनों ने ज्ञापन दिया है और इस मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी गई है, जांच के बाद जो निष्कर्ष निकलेगा उसके आधार पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

Advertisement