March 5, 2026

24 फरवरी को होगा सहकारी समितियों में प्रबंध सदस्यों का चुनाव, ये रहा कार्यक्रम


काशीपुर ।   सहकारी समितियों के चुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया है। 24 फरवरी को समितियों में प्रबंध सदस्यों के और 25 फरवरी को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व दूसरी संस्थाओं को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव होगा। समिति मुख्यालय पर 15 फरवरी को नामांकन होगा। सहकारी समितियों में बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हुए सवा साल से अधिक का समय हो चुका है। इससे समितियों में लोगों के काम अटक रहे थे। इसको देखते हुए सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण उत्तराखंड अध्यक्ष हंसादत पांडे ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया है। कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश की बहुउद्देशीय प्रारंभिक कृषि ऋण सहकारी समितियां की प्रबंध कमेटी के सदस्यों का निर्वाचन 24 फरवरी को होगा। 25 फरवरी को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, एवं अन्य संस्थाओं को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव किया जायेगा। किसान एवं फीकापार सहकारी समिति के एमडी मनोज चौहान,अरूण सोलंकी ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम जारी हो गया है। चुनाव को लेकर तैयारी चल रही है। वहीं, चुनाव कार्यक्रम जारी होने से चुनाव लड़ने वाले लोगों ने तैयारी शुरू कर दी है। सभी चुनावी कार्यक्रम समिति मुख्यालय पर होंगे।

यह है कार्यक्रम
11 फरवरी : निर्वाचन कराने की घोषणा और अंतिम मतदाता सूची प्रदर्शित होगी।
13 फरवरी : अंतिम मतदाता सूची पर आपत्तियों का आमंत्रण।
14 फरवरी : अंतिम मतदाता सूची पर मिली आपत्तियों की सुनवाई और उनका हल होगा। इसी दिन अंतिम मतदाता सूची प्रदर्शित होगी। साथ ही शाम तीन से पांच बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री होगी।
15 फरवरी : नामांकन पत्रों की बिक्री के साथ 10 से तीन बजे तक नामांकन होगा। नामांकन पत्रों की सूची का प्रदर्शन होगा।
17 फरवरी : नामांकन पत्रों की जांच और आपत्तियां दर्ज होंगी। इसी दिन आपत्तियों का निराकरण होगा। वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रदर्शन।

18 फरवरी : सुबह 10 से एक बजे तक नामांकन पत्रों की वापसी। अंतिम वैध नामांकन पत्र की सूची का प्रर्दशन और चुनाव चिह्नों का आवंटन।
24 फरवरी : सुबह नौ से शाम चार बजे तक मतदान। इसी दिन मतगणना और परिणाम की घोषणा।
25 फरवरी : सभापति, उपसभापति एवं दूसरी संस्थाओं को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के नामांकन पत्रों की बिक्री और नामांकन होंगे। समिति मुख्यालय पर नामांकन पत्रों की जांच, उनका प्रदर्शन, आपत्तियों का निराकरण, नामांकन वापसी, वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रदर्शन, चुनाव चिह्नों का आवंटन होगी। शाम 4 से 5 बजे तक मतदान। मतगणना और परिणाम भी घोषित होगा।