March 12, 2026

जन समस्याओं का समाधान करे अधिकारी: डीएम आशीष

बागेश्वर । सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत सोमवार को कपकोट तहसील सभागार में एक जनता दरबार का आयोजन किया। क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया और जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आम जन से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कुल 23 समस्याएं व शिकायतें दर्ज की गईं। विधायक गड़िया ने कहा कि अधिकारी छोटी-छोटी समस्याओं को नासूर न बनने दें। तांकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसके लिए विकास कार्यों में और अधिक गति लाई जाए। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि जनता दरबार केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि शासन और आमजन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे दूरस्थ क्षेत्रों से आई समस्याओं पर संवेदनशीलता से कार्य करें। जनता दरबार में पोथिंग के राजेंद्र सिंह ने पेयजल की व्यवस्था की मांग की, जबकि धनीगांव-जगथाना के ग्रामीणों ने वृक्ष पातन की अनुमति चाही। हिमांशु शाही ने ग्राम बधेली में आपदा से क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण की मांग की। प्रताप सिंह ने खतौनी में संशोधन का अनुरोध किया और फरसाली के देव गिरि ने अपने आवास की सुरक्षा दीवार को लेकर प्रशासन से मदद मांगी। कमला देवी (किलपारा) ने दिव्यांग प्रमाण पत्र की मांग रखी, जबकि हरीश सिंह (रातिरकेठी) ने जड़ी-बूटी उत्पादन हेतु तारबाड़ और आर्थिक सहायता की आवश्यकता जताई। कुंवारी, काफलीकमेडा, शामा और बडीपन्याली जैसे गांवों से आए ग्रामीणों ने विस्थापन, आवास, दस्तावेज़, और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं सामने रखीं।