Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 15, 2026

दुनिया का सबसे बड़ा कार्गो शिप एमएससी इरिना विझिनजाम बंदरगाह पहुंचा


तिरुवनंतपुरम । दुनिया का सबसे बड़ा कार्गो शिप एमएससी इरिना सोमवार को केरल के विझिनजाम बंदरगाह पर लंगर डाल दिया है. जहाज का इस नए बंदरगाह पर पहुंचना एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होने जा रहा है. सुबह करीब 8 बजे बंदरगाह के प्रवेश द्वार पर जहाज का स्वागत वाटर सैल्यूट से किया गया.
यह जहाज 3 जून को विझिनजाम के पास बाहरी समुद्र में पहुंच गया था. हालांकि, आगे 6 अन्य जहाजों के निर्धारित होने के कारण, इसके तट पर पहुंचने में देरी हुई. इस विषय पर मलयाली कैप्टन विली एंटनी ने ईटीवी भारत को बताया कि विझिनजाम में करीब 3,000 कंटेनर उतारे जाएंगे
एमएससी इरीना दुनिया में सबसे ज्यादा टीईयू (ट्वेंटी-फुट इक्विवेलेंट यूनिट) क्षमता रखता है. 399.9 मीटर लंबाई और 61.3 मीटर चौड़ाई वाले इस जहाज को एशिया और यूरोप के बीच बड़े पैमाने पर माल की आवाजाही को सक्षम करने के उद्देश्य से 2023 में लॉन्च किया गया था.
विझिनजाम पोर्ट के अधिकारियों के मुताबिक, 26,346 टीईयू की क्षमता के साथ, जहाज का डेक एक मानक फीफा फुटबॉल मैदान से लगभग चार गुना अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है. इसका ड्राफ्ट भी 16.2 मीटर है.
यह जहाज अल्ट्रा-लार्ज कंटेनर जहाजों की पोस्ट-स्वेजमैक्स कटैगरी का है. यह 28 मई को सिंगापुर से विझिनजाम के लिए रवाना हुआ था. अब यह जहाज अनलोडिंग प्रक्रिया पूरी करने के बाद स्पेन के लिए रवाना होने वाला है.
कैप्टन विली एंटनी ने इतने बड़े जहाज को अपने देश में ले जाने में सक्षम होने पर अपनी खुशी व्यक्त की. एर्नाकुलम जिले के अंगमाली का एक और मलयाली भी जहाज के चालक दल का हिस्सा है. कैप्टन विली ने कहा कि हाल ही में देखे गए अन्य बंदरगाहों की तुलना में विझिनजाम की गहराई एक महत्वपूर्ण लाभ है और इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे बंदरगाह वैश्विक समुद्री मानचित्र पर एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में तेजी से उभरा है.
अडानी समूह द्वारा संचालित विझिनजाम अंतर्राष्ट्रीय बंदरगाह का उद्घाटन 2 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था. एमएससी इरीना का आगमन नए खुले बंदरगाह के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है.

Advertisement