March 10, 2026

लाहुरघाटी क्षेत्र में संचार सेवा ठप: ग्रामीणों का जिला मुख्यालय में प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी

बागेश्वर । लाहुरघाटी क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से संचार सेवाएं पूरी तरह ठप पड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा बाधित होने से स्थानीय लोगों में भारी रोष है। सोमवार को क्षेत्र के दर्जनों ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि लाहुरघाटी के पंद्रहपाली, हड़बाड़, पुरकोट, जाख सहित अन्य गांवों में बीते पंद्रह दिनों से मोबाइल टावर बंद पड़े हैं। साथ ही, फाइबर ऑप्टिक आधारित वाई-फाई कनेक्शन भी बंद हैं। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभागों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्र के लोग न सिर्फ संचार सुविधाओं से वंचित हैं, बल्कि आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क भी नहीं कर पा रहे हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि पहाड़ी और दूरस्थ इलाकों में वैकल्पिक संचार साधनों की अनुपस्थिति के चलते मोबाइल और इंटरनेट सेवा ही एकमात्र माध्यम है, जिसके ठप होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई, ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद संबंधित विभागों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि क्षेत्र में कोई आपात स्थिति उत्पन्न हो जाए, तो सूचना देने तक के साधन उपलब्ध नहीं हैं, जिससे उनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।

इस मौके पर दिनेश चंद्र पांडेय, गोकुल परिहार, उमेश परिहार, नवीन परिहार, दिनेश परिहार, मनोज हुलेरिया, सुनीता देव, निखिल सिंह, दीपा, दीपिका, धारा देवी और बबीता कुंवर समेत कई ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि जिला प्रशासन स्वयं मामले में हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द संचार सेवा बहाल करवाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।