March 7, 2026

स्मार्ट मीटर लगाने के बाद ज्यादा बिल आने पर ईई को घेरा


हल्द्वानी । स्मार्ट मीटर लगाने के बाद इस्तेमाल हुई बिजली से ज्यादा बिल मिलने पर उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता का घेराव किया। तल्ली हल्द्वानी के निवासियों ने कहा कि मीटर बदलने के बाद विभाग से दोगुना बिल भेजा जा रहा है। जिससे लोगों के सामने आर्थिक संकट बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने जल्द ही व्यवस्था ठीक नहीं किए जाने पर मीटर हटाने की चेतावनी दी है। हल्द्वानी में स्मार्ट मीटर लगने के बाद लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मीटर बदले जाने के बाद ज्यादा बिल मिलने पर शुक्रवार को तल्ली हल्द्वानी के लोगों ने पार्षद मनोज जोशी के नेतृत्व में ग्रामीण डिविजन के अधिशासी अभियंता बेगराज सिंह का घेराव किया। उन्होंने बताया कि मीटर बदलने से पहले जिस उपभोक्ता का पांच सौ रुपये बिजली का खर्च था, उन्हें अब 2500 रुपये के बिल मिल रहे हैं। अधिकतर लोगों को बिजली खर्च से ज्यादा के बिल ऊर्जा निगम ने भेजे हैं। कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद घर पर प्रिंटेड बिल भेजना भी बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अधिकांश कनेक्शन बुजुर्गों के नाम पर होने से विभाग में उनके नंबर दर्ज हैं। मोबाइल चलाना सही से नहीं आने पर टैक्ट मैसेज पर बिल नहीं देख रहे हैं। समय से बिल नहीं भरने पर लोगों को जुर्माना भुगतना पड़ रहा है। मैसेज में मिले बिल को विभाग के काउंटर पर जमा करने पर ज्यादा बिल होने की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने मांग की है कि घर पर बिल भेजने के साथ ही वास्तविक खर्च के अनुसार भुगतान लिया जाए। जल्द ही उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान नहीं किए जाने पर स्मार्ट मीटर हटाने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान उपखंड अधिकारी शुभा जोशी, प्रेम सिंह, दीपक जोशी, हीरा देवी, निर्मला पंत, पूजा, राजेश, लक्ष्मण मौर्य, कांति देवी, हरिप्रसाद, मनोज कुमार, निर्मल मौर्य, हेम चंद्र, भूपाल भाकुनी, सागर बचखेती, बिजरानी देवी, सौरभ गुप्ता, हरीश चंद्र, कैलाश आदि मौजूद रहे।