खनन पर नकेल: बागेश्वर पुलिस का तगड़ा एक्शन, रेत लदा वाहन जब्त, चालक पर कानूनी शिकंजा
बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रशेखर घोडके के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में बागेश्वर पुलिस द्वारा अवैध खनन और उसके परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
अभियान के क्रम में प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली बागेश्वर श्री अनिल उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनांक 25 अक्टूबर 2025 को थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने वाहन संख्या UK02CA-3651 (पिकअप) को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन में लगभग 40 कट्टा रेत अवैध रूप से परिवहन किया जाना पाया गया। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वाहन चालक के पास रेत परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।
इस पर पुलिस टीम ने मौके पर ही वाहन को सीज कर लिया तथा वाहन चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम एवं खनन नियमों के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई गई।
पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोकथाम हेतु पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रभारी निरीक्षक श्री अनिल उपाध्याय ने भी स्पष्ट किया कि बागेश्वर पुलिस द्वारा ऐसे अवैध कार्यों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं भी अवैध खनन या परिवहन होता दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
बागेश्वर पुलिस का यह अभियान आगामी दिनों में भी सतत रूप से जारी रहेगा, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।
