March 5, 2026

पीआईबी देहरादून द्वारा बागेश्वर में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन

जनकल्याणकारी योजनाओं की सटीक जानकारी पर केंद्रित रही कार्यशाला, पत्रकारों ने किया सक्रिय सहभाग

बागेश्वर। प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) देहरादून द्वारा शुक्रवार को बागेश्वर विकास भवन सभागार में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की सटीक, विश्वसनीय और प्रभावी जानकारी आमजन तक पहुँचाना रहा।

कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिले के विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और सूचना विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में पत्रकारों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

सही जानकारी से जनता तक पहुँचे योजनाओं का लाभ : संजीव सुन्द्रियाल

पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक श्री संजीव सुन्द्रियाल ने कहा कि “मीडिया सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करती है। पत्रकारों का दायित्व है कि वे योजनाओं की सही जानकारी जनता तक पहुँचाएँ ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।” उन्होंने बताया कि यह वार्तालाप मीडिया और सरकार के बीच संवाद का सेतु है, जिससे सूचना का प्रवाह और पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।

कार्यक्रम में ली गई ‘तम्बाकू मुक्त युवा’ की शपथ

पीआईबी द्वारा आयोजित वार्तालाप कार्यक्रम में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना थीम पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। साथ ही सरदार @150 यूनिटी मार्च एवं तम्बाकू मुक्त युवा अभियान पर व्याख्यान दिया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों और पत्रकारों ने तम्बाकू मुक्त समाज की शपथ ली।

मुख्य अतिथियों ने सराहा संवाद का प्रयास

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शोभा आर्य ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। ऐसी कार्यशालाएँ प्रशासन और पत्रकारों के बीच संवाद को सशक्त बनाती हैं और तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग को प्रोत्साहित करती हैं।
वहीं, दर्जा राज्य मंत्री श्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि मीडिया समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सही जानकारी जनता तक पहुँचना विकासपरक पत्रकारिता के लिए आवश्यक है।

जिलाधिकारी ने पत्रकारिता की भूमिका पर डाला प्रकाश

जिलाधिकारी श्रीमती आकांक्षा कोंडे ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रशासन और मीडिया के बीच विश्वास को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सूचनाएँ स्पष्ट और समय पर जनता तक पहुँचे तो नीति निर्माण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनती है।

योजनाओं की जानकारी व लाभार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम में परियोजना निदेशक श्रीमती शिल्पी पंत ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना पर प्रस्तुति दी और बताया कि सरकार की योजनाएँ गरीबों, किसानों, महिलाओं और श्रमिकों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर रही हैं।
इस दौरान राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य और पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल ने लाभार्थी महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी वितरित की। लाभार्थियों ने मंच से अपने अनुभव साझा किए।

विभागीय अधिकारियों ने साझा की योजनाओं की जानकारी

मुख्य कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिली है।
आरसेटी निदेशक दिनेश कुमार ने कहा कि अटल आयुष्मान योजना, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना ने कमजोर वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की है।

चित्र प्रदर्शनी में दिखी 11 वर्षों की उपलब्धियाँ

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो, नैनीताल द्वारा सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और सरदार @150 यूनिटी मार्च विषयों पर विशेष चित्र प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें केंद्र सरकार की पिछले 11 वर्षों की उपलब्धियाँ प्रदर्शित की गईं।

अंत में, प्रश्नोत्तर सत्र में स्थानीय पत्रकारों ने प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद किया ।

जिज़मे स्थानीय पत्रकारों द्वारा अनेक सवाल सम्बंधित विभागों से पूछे गए। यहां उल्लेखनीय बात यह रही कि इस वार्तालाप कार्यक्रम में 4 विशेषज्ञ विभाग ही नदारद रहे। जिससे यह स्पष्ट होता हैं कि इसके प्रति इनकी कितनी प्रतिबध्दता हैं। साथ ही वरिष्ठ पत्रकार रमेश कृषक ने यह भी सवाल खड़ा किया कि पत्रकारों के इस विशेष कार्यक्रम में जिले के किसी भी पत्रकार संघठन को सम्मानित नही किया गया जबकि सभी अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को यह अवसर दिया गया।

पत्रकारों द्वारा अनेक अधिकारियों द्वारा उनके फोन तक नही उठाये जाने पर प्रश्न किये जाने पर कोई भी उन्हें सटीक जानकारी व समाधान भी नही दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं जिले के पत्रकारगण के अलावा गरुड से दिनेश नेगी , अखिल जोशी ,हरिश जोशी , अर्जुन राणा , भगवत नेगी व कृष्णा गढ़िया उपस्थित रहे।