March 5, 2026

डीएम ने दिया अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस


बागेश्वर । सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज, कांडा में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में कुल 63 शिकायतें दर्ज की गईं। कई अधिकारी अनुपस्थित रहे। इसपर जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया। भविष्य में पुनरावृत्ति हुई तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अधिकतर समस्याएं विद्युत, पेयजल, सड़क, आपदा प्रबंधन, गैस-ईंधन, स्वास्थ्य, सिंचाई, वन एवं जंगली जानवरों से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं। विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी विशेष रूप से असंतुष्ट दिखाई दीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। सख्त लहजे में कहा कि कार्यों में लापरवाही अथवा त्रुटि पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों एवं विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में अलर्ट मोड पर रहते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन की बैठक में सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि वे पूर्ण दक्षता के साथ कार्य करें तथा किसी भी स्तर पर प्रकरण लंबित न रखें। निर्देश दिए कि जनता दरबार एवं समीक्षा बैठकों में दिए गए सभी शिकायतों का अनुपालन संबंधित उपजिलाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान एडीएम एनएसनबियाल, उपजिलाधिकारी ललित मोहन तिवारी तथा समस्त जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।