जड़ी-बूटी की खेती से आमदगी होगी दुगनाः कपूर
रुद्रप्रयाग, ( आखरीआंख ) भेषज विकास इकाई के सहयोग से जिला भेषज एवं सहकारी विकास संघ द्वारा ग्राम पंचायत खांखरा में एक दिवसीय जड़ी बूटी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
पंचायत भवन में ग्राम प्रधान प्रदीप मालासी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में भेषज संघ के अध्यक्ष कपूर सिंह रावत ने कहा की संघ कई वर्षों से कृषकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध करा रहा है, जिससे काश्तकार जड़ी-बूटी की खेती से अपनी आर्थिकी को मजबूत बना सके। मास्टर ट्रेनर बुद्धि सिंह राणा ने किसानों को बड़ी इलायंची, रीठा, हरड़ बहेड़ा, आंवला एवं तेजपाल की पौध लगाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी इलायची के प्रगतिशील कृषक जयप्रकाश सेमवाल ने अपने खेतों में बड़ी इलायची के पौधे लगाने से लेकर पचास हजार पौध तैयार करने तक के सफर की जानकारी किसानों को विस्तार से दी। उन्होंने बताया कि वे प्रतिवर्ष अपनी दस नाली भूमि से पचास हजार बड़ी इलायंची की पौध लगाकर एक लाख की आमदनी करते हैं। यदि किसान बड़ी इलायची के उत्पादन पर जोर दें तो निश्चित रूप से हर किसान की इनकम दुगनी होगी। कार्यक्रम में संघ के सचिव वाचस्पति सेमवाल ने सभी प्रकार की जड़ी बूटियों के बारे में जानकारी दी। सेमवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2022 तक कृषि, उद्यान, भेषज तथा सहकारिता विभाग के माध्यम से किसानों की इनकम दुगनी करने का लक्ष्य रखा है, लेकिन यदि हम जड़ी बूटी के उत्पादन पर ध्यान दें तो 2022 तक प्रत्येक किसान की आमदनी चैगुनी हो सकती है। प्रशिक्षण शिविर में भेषज विकास इकाई के जिला समन्वयक संजय कुमार ने गोष्टी में आए हुए सभी कृषकों को विश्वास दिलाया कि बड़ी इलायची और तेजपात की पौध क्षेत्र में लगाने का प्रयास करें। आने वाले वर्षाकाल में निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराई जायेगी। इस दौरान उद्यान विभाग के माध्यम से 40 कृषकों को परंपरागत कृषि को बढ़ावा देने के लिए कीटनाशक छिड़काव के लिए स्प्रे मशीन भी सहायक उद्यान अधिकारी दर्शन सिंह भंडारी एवं हरेंद्र बिष्ट ने वितरित की।
