April 13, 2026

लोक गायक माया उपाध्याय के गीतों पर थिरके लोग


बागेश्वर ।  रामलीला मैदान में आयोजित धरमघर महोत्सव की पहली रात लोक कलाकारों के नाम रही। शनिवार रात एक बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची रही। लोक गायक माया उपाध्याय ने गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘हाय काकड़ी झिल मां, नूण पिस सिल मां, ‘मोहना तू बैठी रछै म्यारा दिल में’ जैसे कुमाऊंनी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर पहुंचते ही दर्शकों ने लगातार फरमाइशें शुरू कर दीं, जिन्हें माया उपाध्याय ने पूरी कर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने ‘मोहना-मोहना रटि को’, ‘लौंडा मोहना तैरी केमुवे गाड़ी’ सहित कई लोकगीतों की प्रस्तुति दी। इसके बाद हनी डांस ग्रुप मुवानी और नंद हरि लोक कला मंच बागेश्वर के कलाकारों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली, पंजाबी, गुजराती और हिंदी गीतों पर रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। रविवार दोपहर को धरमघर, कोटमन्या, चौकोड़ी और आसपास के स्कूलों के बच्चों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने लोकनृत्य और लोक गायन से दर्शकों का मन मोह लिया। महोत्सव समिति अध्यक्ष गोकुल पंचपाल ने कहा कि कार्यक्रम को क्षेत्रीय लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है और लोग शांतिपूर्ण तरीके से इसका आनंद ले रहे हैं। सचिव केदार महर ने कहा कि ऐसे महोत्सव क्षेत्र को नई पहचान देने के साथ स्थानीय कलाकारों को मंच भी प्रदान करते हैं। इस मौके पर किशन राठौर, हिमांशु राठौर, चेतन धर्मशक्तू, भरत लस्पाल, धीरज महरा, मनोज पाठक आदि मौजूद रहे।