ब्लॉक की मांग को लेकर आंदोलन जारी
बागेश्वर । कांडा ब्लॉक की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन 24वें दिन भी जारी रहा। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान दो पूर्व सैनिक क्रमिक अनशन पर बैठ गए। बुधवार को आंदोलन से जुड़े लोग कालिका मंदिर परिसर में पहुंचे और नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। पूर्व सैनिक व झाकरा के ग्राम प्रधान गिरीश जोशी तथा पूर्व सैनिक रमेश चंद्र जोशी अनशन पर बैठे। उन्होंने कहा कि उनके आंदोलन को सभी का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सत्ताधारी नेता अपनी भूमिका सही से निभाएं तो क्षेत्र को ब्लॉक का दर्जा मिल सकता है। लोगों को लंबे समय से छोटी प्रशासनिक इकाई का दंश झेलना पड़ रहा है।
