May 26, 2026

आदि कैलाश यात्रियों ने लिया हिमालय संरक्षण का संकल्प‘हिमालय बचाओ अभियान’ से जुड़ा यात्रा दल, कूड़ा मुक्त पर्वतीय क्षेत्र और पौधारोपण का दिया संदेश


पिथौरागढ़। उच्च हिमालयी आस्था और पर्यावरण संरक्षण के संगम का प्रेरक दृश्य मंगलवार को पर्यटक आवास गृह पिथौरागढ़ में देखने को मिला, जहां उत्तराखंड टूर एंड ट्रेवल्स एवं पुष्पम टूर एंड ट्रेवल्स द्वारा संचालित आदि कैलाश यात्रा के दसवें दल को हिमालय संरक्षण का विशेष संदेश देकर रवाना किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुमाऊं मंडल विकास निगम के पूर्व प्रबंधक एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरु रानी ने अपने सतत पौधारोपण अभियान के 680वें दिन यात्रियों को ‘हिमालय बचाओ अभियान’ से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा अवधि के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पॉलीथिन, प्लास्टिक अथवा किसी भी प्रकार की प्रदूषणकारी सामग्री का प्रयोग न करें तथा पवित्र हिमालयी क्षेत्र को कूड़ा मुक्त बनाए रखने में सक्रिय सहयोग दें। इस अवसर पर उन्होंने काला पानी एवं गुंजी क्षेत्र में पौधारोपण के उद्देश्य से यात्रियों को पौधे भी वितरित किए। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हिमालय केवल पर्वत श्रृंखला नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, जल स्रोतों और जैव विविधता का संवेदनशील आधार है, जिसकी रक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि दिनेश गुरु रानी विगत कई वर्षों से ‘हिमालय बचाओ अभियान’ के माध्यम से यात्रियों, स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं को पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण से जोड़ते आ रहे हैं। उनकी इस पहल को यात्रियों ने भी सराहा तथा संकल्प लिया कि वे यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ अपने घर लौटने के बाद भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देंगे।
इस अवसर पर उत्तराखंड टूर एंड ट्रेवल्स के लोकेश चंद एवं पुष्पम टूर एंड ट्रेवल्स के अभिजीत ने भी यात्रियों को संबोधित करते हुए सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल यात्रा का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रबंधक उमेश पांडे, नरेंद्र थापा, रचना रावत, सौरभ, गोपाल बिष्ट, त्रिभुवन तथा देवेंद्र सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

You may have missed