June 3, 2026

गोल्डन कार्ड में कैशलेस सुविधा की मांग, संगठन की मजबूती पर जोर


बागेश्वर ।  गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की जिला इकाई की बैठक में संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने गोल्डन कार्ड के तहत पेंशनरों को प्रभावी कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा मूल पेंशन के 50 प्रतिशत के आधार पर कटौती किए जाने की मांग उठाई। बुधवार को माल रोड स्थित होटल में बैठक में बताया गया कि संगठन का प्रदेश स्तरीय अधिवेशन एवं चुनाव नौ जून को रुड़की में होगा। पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से अधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की। इस दौरान सोशल मीडिया पर संगठन से संबंधित भ्रामक जानकारियां प्रसारित करने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां संगठन के नियमों के विपरीत हैं। बैठक में 30 जून और 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने वाले पेंशनरों को एक काल्पनिक वेतनवृद्धि का लाभ देने तथा सेवानिवृत्ति के पांच वर्ष बाद सेवा पुस्तिका संबंधित विभाग से उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। अधिवेशन में प्रतिभाग के लिए बैंक से निकाली गई धनराशि का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि खर्च के बाद शेष राशि संगठन के कोष में जमा कर दी जाएगी। इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ संरक्षक शेर सिंह धपोला का 99वां जन्मदिन भी मनाया गया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई। बैठक में मोहन चंद्र उप्रेती, पूरन चंद्र जोशी, नवल किशोर जोशी, गंगा सिंह रावत, दीवान सिंह परिहार, उम्मेद सिंह रावत और नारायण सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष प्रताप सिंह गड़िया तथा संचालन महामंत्री धन सिंह कनवाल ने किया।