June 7, 2026

पिंडारी ग्लेशियर में लापता ट्रेकर की तलाश तेज, पुलिस-प्रशासन का व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी


बागेश्वर। विश्व प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक मार्ग पर लापता हुए 28 वर्षीय युवक अभिषेक चौहान की खोज के लिए पुलिस, प्रशासन और विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियों द्वारा युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में लगातार जारी इस खोज अभियान में आधुनिक तकनीक और मानवीय संसाधनों का व्यापक उपयोग किया जा रहा है, ताकि युवक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
थाना कपकोट क्षेत्र के अंतर्गत खाती गांव से आगे पिंडारी घाटी के कठिन और दुर्गम इलाकों में स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, राजस्व विभाग, वन विभाग, फायर सर्विस तथा आपदा मित्रों की संयुक्त टीमें लगातार सघन तलाशी अभियान संचालित कर रही हैं। रेस्क्यू दल पिंडारी ग्लेशियर के साथ-साथ आसपास के जंगलों, गहरी खाइयों, गधेरों, चट्टानों के बीच स्थित प्राकृतिक गुफाओं, झाड़ी-झंखाड़ और अन्य संभावित स्थानों की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
खोज अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक ड्रोन कैमरों की सहायता से पूरे ट्रेक रूट और आसपास के विस्तृत क्षेत्र की हवाई निगरानी की जा रही है। ड्रोन सर्विलांस के माध्यम से ऐसे स्थानों तक भी पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है, जहां सामान्य परिस्थितियों में तलाशी अभियान चलाना अत्यंत कठिन है।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) स्वयं अभियान की नियमित समीक्षा और निगरानी कर रहे हैं। पुलिस टीम घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की पड़ताल करते हुए लापता युवक के परिवार, मित्रों, परिचितों और रिश्तेदारों से लगातार संपर्क बनाए हुए है। इसके अतिरिक्त युवक के संबंध में कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से सीमावर्ती जनपदों और विभिन्न थानों को भी गुमशुदगी संबंधी पंपलेट भेजकर सतर्क किया गया है।
लापता युवक की पहचान अभिषेक चौहान (28 वर्ष) पुत्र रघुराज चौहान के रूप में हुई है। वह वर्तमान में नोएडा (दिल्ली-एनसीआर) में निवास करते हैं, जबकि उनका मूल निवास ग्राम शेखूपूरा, पोस्ट कंडेला, तहसील कैराना, जनपद शामली (उत्तर प्रदेश) है।
पुलिस प्रशासन ने ट्रेकर्स, स्थानीय गाइडों तथा क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को अभिषेक चौहान के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त होती है तो तत्काल थानाध्यक्ष कपकोट के मोबाइल नंबर 9411113310 अथवा जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 9411112983 पर सूचना दें। प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि सामूहिक प्रयासों और जनसहयोग से युवक का शीघ्र पता लगाने में सफलता मिल सकती हैं।