ऑपरेशन प्रहार का बड़ा असर: बागेश्वर में 422 ग्राम चरस के साथ दो तस्कर दबोचे
बागेश्वर। जनपद में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को उस समय बड़ी सफलता मिली जब पुलिस ने 422 ग्राम अवैध चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशानुसार जिलेभर में नशा तस्करों के विरुद्ध सघन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसओजी बागेश्वर की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान एक बिना नंबर की स्कूटी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी सवार दो युवकों के कब्जे से 422 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हल्द्वानी निवासी 20 वर्षीय सूरज गर्ब्याल और 22 वर्षीय कुनाल आर्या के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को नशा तस्करी से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है। दोनों के विरुद्ध कोतवाली बागेश्वर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी। इसके अलावा आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
जनपद पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे के दलदल से बचाने और समाज में फैल रहे मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और यह संदेश गया है कि कानून के शिकंजे से बच पाना अब आसान नहीं होगा।
