Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026

राशन लेने निकला था मोहन, दोस्त के कहने पर ट्रक में हुए सवार


रुद्रप्रयाग ।  तरसाली-फाटा मार्ग पर ट्रक दुर्घटना में जान गंवाने वाले मोहन बहुगुणा और संजय राणा दोनों दोस्त थे। मोहन राशन लेने जा रहा था कि उसकी मुलाकात संजय से हो गई। संजय के कहने पर मोहन उसके साथ चल दिया और आगे जाकर हादसा हो गया। हादसे के बाद से गढ़तरा गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों के अनुसार गढ़तरा गांव निवासी मोहन बहुगुणा केदारनाथ में पुरोहित थे। यात्रा धीमी होने के कारण वह कुछ दिन पहले घर लौटे थे। बृहस्पतिवार दोपहर वह स्कूटी से नाला बाजार राशन लेने निकले थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात संजय राणा से हुई जो ट्रक से त्रियुगीनारायण निर्माण सामग्री छोड़ने जा रहा था। संजय ने उसे अपने साथ चलने को कहा तो मोहन अपनी स्कूटी नाला बाजार में ही खड़ी कर ट्रक में सवार हो गया और लौटते समय तरसाली-फाटा के पास ट्रक गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि संजय राणा मूल रूप से कालीमठ के निवासी थे लेकिन पिछले कई वर्षों से गढ़तरा के पास परिवार के साथ रह रहा था। वह ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था जबकि मोहन केदारनाथ में पुरोहित थे। दोनों अपने पीछे दो-दो छोटे बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Advertisement