लाइनमैन के परिजनों को 12 लाख,पत्नी को मिलेगी नौकरी
विकासनगर । सेलाकुई में करंट लगने से लाइनमैन मनीष की मौत के बाद पीड़ित परिवार को राहत देने की कवायद शुरू हो गई है। गुरुवार सुबह सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और मृतक के परिजनों के साथ सेलाकुई बिजलीघर पहुंचे। यहां बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर हादसे की जानकारी ली गई और पीड़ित परिवार को राहत देने के संबंध में चर्चा की। बैठक में विद्युत विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा मनीष की पत्नी को ठेकेदार के अधीन स्थायी रोजगार देने का आश्वासन दिया गया। वहीं, जिस ठेकेदार के अधीन मनीष कार्य कर रहा था, उसकी ओर से भी पीड़ित परिवार को आठ लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई। बता दें कि बुधवार देर शाम सेलाकुई ईदगाह के पास ट्रांसफॉर्मर में फॉल्ट ठीक करते समय मनीष करंट की चपेट में आ गया था। आरोप है कि शटडाउन लेने के बावजूद अचानक विद्युत लाइन चालू कर दी गई, जिससे हाई वोल्टेज करंट लगने से मनीष गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल ग्राफिक एरा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
एसओएस पर मुकदमे की तैयारी: विभागीय अधिकारियों के अनुसार एसएसओ द्वारा शटडाउन छोड़े जाने के कारण हादसा हुआ। वहीं, विद्युत कर्मचारियों ने भी लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले में संबंधित एसएसओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही गई है। अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि विद्युत विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही मृतक की पत्नी को ठेकेदार के अधीन स्थायी नौकरी देने का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
