फर्जी फेसबुक आईडी से दुष्प्रचार का आरोप, पूर्व विधायक ने दी तहरीर
बागेश्वर। सोशल मीडिया पर कथित फर्जी फेसबुक आईडी और पेज बनाकर भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने का मामला सामने आया है। कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने रविवार को बैजनाथ पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। तहरीर में फर्स्वाण ने कहा कि फेसबुक पर उनके नाम और पहचान से मिलते-जुलते नामों से आईडी और पेज बनाकर भ्रामक पोस्ट प्रसारित की जा रही हैं। इनमें ‘समर्थक ललित फर्स्वाण, अपना कपकोट’ और ‘कपकोट की आवाज’ जैसे नाम शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन पेजों के माध्यम से उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।पूर्व विधायक ने संबंधित फेसबुक आईडी और पेजों की जांच करने, पोस्ट की सत्यता की पड़ताल करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने संबंधित पोस्ट और स्क्रीनशॉट की जांच कर आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध भी किया। बैजनाथ के कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि मामला डिजिटल सुरक्षा और प्रतिष्ठा से जुड़ा है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों से विमर्श किया जा रहा है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
