Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 18, 2026

बागेश्वर के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, 26 नवंबर को कांडा ITI में लगेगा अप्रेंटिसशिप मेला

टाटा मोटर्स, ल्यूमिनस समेत कई नामी कंपनियां करेंगी प्रतिभाग, 8वीं पास से स्नातक तक के अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

बागेश्वर। जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने के लिए भारत सरकार की पहल पर आगामी 26 नवंबर को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), कांडा में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला (PMNAM) आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार की नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम (NAPS) के तहत आयोजित इस मेले में निजी और सरकारी क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अवसर प्रदान करेंगी।

मेले में टाटा मोटर्स, एलाइड रिसोर्सेज, ल्यूमिनस, यूपीईसीएल सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मंच प्रदान करना है।

8वीं पास से स्नातक तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे प्रतिभाग

इस अप्रेंटिसशिप मेले में जनपद के 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साथ ही प्रशिक्षणरत युवा भी प्रतिभाग कर सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा। इससे विभिन्न शैक्षिक योग्यताओं वाले युवाओं को अपनी क्षमता और योग्यता के अनुरूप औद्योगिक क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने का मौका मिल सकेगा।

आईटीआई कांडा के नोडल प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कांडा में उपस्थित होकर मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके अलावा अभ्यर्थियों के लिए जारी क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अधिक से अधिक संख्या में अप्रेंटिसशिप मेले में प्रतिभाग कर अपने कौशल को निखारने तथा भविष्य में रोजगार की संभावनाओं को मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं।

Advertisement