गांव में सड़क नहीं, तीन किमी हाल ऐ उत्तराखंड ! दल चली प्रसव पीड़िता, रास्ते में दिया बच्ची को जन्म
चमोली । गांव में सड़क न होने पर प्रसव पीड़िता तीन किमी पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंची लेकिन पीड़ा अधिक होने के कारण महिला ने रास्ते में ही बेटी को जन्म दिया। महिला के साथ में आई ग्राम प्रधान, आशा कार्यकर्ता और उसके पति ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार को जच्चा और बच्चे को अस्पताल से डिस्चार्ज भी कर दिया गया। घटना बीते रविवार की है और इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल भी हो रहा है। विकासखंड के गैन-कांचुला- सैंजकट्टा सड़क पर तीन किमी की स्वीकृति न मिल पाने के कारण ग्रामीणों को आज भी पैदल चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। ग्राम पंचायत गनोली के मोली तोक की गायत्री देवी (24) को शनिवार शाम से दर्द हो रहा था लेकिन गांव में सड़क सुविधा नहीं थी। ऐसे में रविवार सुबह ग्राम प्रधान और आशा कार्यकर्ता कुसुम देवी और महिला के पति उसे अस्पताल ले गए। मगर गांव में सड़क न होने के कारण प्रसव पीड़िता को तीन किमी की पैदल दूरी तय कर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। यहां प्रसव पीड़ा अधिक होने पर महिला ने लंगासू-मैखुरा सड़क पर स्वर्का के पास बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद महिला को निजी वाहन से तुरंत अस्पताल ले जाया गया और भर्ती कराया गया। ग्राम प्रधान कुसुम देवी ने बताया कि सड़क के लिए लगातार कई वर्षों से मांग की जा रही है लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। पीएमजीएसवाई लोनिवि के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि
एमजीएसवाई 4 के अंतर्गत सड़क की डीपीआर बनाकर केंद्र सरकार को वित्तीय स्वीकृति के लिए भेजी गई है। वित्तीय स्वीकृति प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
