March 25, 2026

Blog


उत्तरकाशी ।  मोरी विकासखंड के दूरस्थ फिताड़ी गांव में शॉर्ट सर्किट से भवन में अचानक आग लग गई। लकड़ी के भवन होने के कारण आग एक भवन से दूसरे में फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते चार-पांच मंजिला भवन और चार अन्य भवन जलकर राख हो गए। साथ ही घरों के समीप बने छह अन्न के कोठार राशन सहित जल गए। घटना में तीन गाय भी जिंदा जल गई। बीती सोमवार देर रात फिताड़ी गांव में एक भवन में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। घर में मौजूद लोगों ने बाहर भागकर जान बचाई। गांव में लकड़ी के भवन और घनी बस्ती होने के कारण आग तेजी से फैलने के कारण उसकी चपेट में आने से आठ भवन जल गए। इसमें चार-पांच मंजिला भवन भी शामिल हैं। आग के कारण चार भवनों में रहने वाले आठ परिवार बेघर हो गए। साथ ही अन्य चार घरों में आग लगने से चार परिवारों के मकान जल गए। घटना में घर में बंधी तीन गाय भी जल गई। सूचना मिलने पर मोरी से तहसील सहित पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग की टीम मौके लिए रवाना हुई।
ग्रामीणों के साथ चलाए गए विभागों के करीब सात घंटे के संयुक्त प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। पीड़ित परिवारों ने अन्य ग्रामीणों के घरों में शरण ले ली है। साथ ही वहां राहत बचाव का कार्य किया जा रहा है। मंगलवार सुबह जिलाधिकारी प्रशांत आर्य भी फिताड़ी गांव के लिए रवाना हो गए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार प्रेम सिंह, कुंदन सिंह, रविंद्र सिंह, उमशल सिंह, तिलक सिंह, नोनियाल सिंह, ताजम देई, दुदकली देवी, विरेंद्र सिंह, सुविंद्र देवी, मोहन सिंह, जनक सिंह के आवासीय भवन जले हैं। साथ ही जनक सिंह, विरेंद्र सिंह, प्रेम सिंह, नोनियाल सिंह, उमशल सिंह, सिलदार सिंह के अन्न कुठार जलकर राख हुए हैं।