गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग
बागेश्वर, ( आखरीआंख ) अमतोड़ा क्षेत्र में गुलदार का आतंक बना हुआ है। भटोली-काकड़ा के बीच गधेरे में गाभिन गाय को उसने निवाला बना दिया है। दिन दहाड़े गांव में धमके गुलदार से चारों तरफ दहशत फैल गई है। लोग घरों में कैद हो गए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए पिजरा लगाने की मांग की है। अमतोड़ा क्षेत्र में गुलदार का शावक मरा हुआ वन विभाग ने बरामद किया। रविवार को दिन में गुलदार वहां दहाड़ने लगा और भटोली-काकड़ा के बीच गधेरे में एक गाभिन गाय को उसने निवाला बना दिया। गेहूं के खेतों के बीच छुपे गुलदार को देखकर ग्रामीण भयभीत हो गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार गुलदार अपने शावक को खोजने के लिए दिन दहाड़े गांव पहुंच गई और गाय को निवाला बना दिया। एक सामाजिक कार्यकर्ता ने बताया कि गाय गाभिन थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गुलदार का आतंक छाया हुआ है। लोग भयभीत हो गए हैं। उन्होंने गुलदार को पकड़ने के लिए पिजरा लगाने की मांग की है। इधर, डीएफओ बीएस शाही ने कहा कि वन विभाग की टीम भेजी जाएगी और जरूरत पड़ने पर पिंजरा लगाया जाएगा।
