March 4, 2026

पेयजल आपूर्ति बहाल न होने पर होटल एसोसिएशन ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी

 बागेश्वर ,गरुड़, ( आखरीआंख )  विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल कौसानी में पेयजल के लिए हाहाकार मचा है। जल संस्थान की अनदेखी से 1500 की आबादी समेत पर्यटक भी पेयजल के लिए तरस रहे हैं। जिससे होटल एसोसिएशन में तीव्र रोष व्याप्त है। शीघ्र पेयजल आपूद्दत बहाल न होने पर होटल एसोसिएशन ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। भारत के मिनी स्वीटजरलैंड कहे जाने वाले कौसानी में चार दिन से पेयजल की आपूद्दत ठप हो गई है। जल संस्थान इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिसके चलते कौसानी की 1500 की आबादी और मैदानों की गर्मी से यहां निजात पाने को यहां पहुंचे दर्जनों पर्यटक भी पेयजल को तरस रहे हैं। अभी कौसानी में पर्यटक सीजन शुरुआत हो रही है। प्रारंभ में ही पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि मई-जून की भीषण गर्मी में क्या हाल होंगे। होटल एसोसिएशन कौसानी के अध्यक्ष बबलू नेगी ने बताया कि चार दिन से कौसानी की पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। जल संस्थान के जेई का मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है। पर्यटन के नाम पर सुविधाओं का दंभ भरने वाला प्रशासन भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने बताया कि जल संस्थान व प्रशासन की अनदेखी के चलते होटल मालिक टैंकरों से ऊंची कीमतों में पानी मंगाने को मजबूर हैं। जिससे पर्यटन व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने शीघ्र पेयजल आपूर्ति बहाल न किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।